उत्तर प्रदेश में अब गाड़ी खरीदना महंगा हुआ, जानिए योगी कैबिनेट में पास अहम प्रस्ताव
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. योगी सरकार ने मंगलवार को कैबिनेट बैठक में 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी। यूपी में अब गाड़ी खरीदना महंगा हो जाएगा। दो पहिया और चार पहिया पर 1% टैक्स बढ़ेगा। पीआरडी जवानों का भत्ता बढ़ा दिया गया।इसे 395 रुपए से बढ़ाकर 500 रुपए किया गया है। यह फैसला 1 अप्रैल से लागू होगा। इससे 34 हजार लोगों को फायदा होगा।
अयोध्या में 300 बेड का नया अस्पताल बनाया जाएगा। दिव्यांग बच्चों के लिए 4000 फीट में डे केयर सेंटर बनेगा। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल अब टोयोटा कंपनी की लग्जरी कार कैमरी से चलेंगी। हाथरस में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी। मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि के हस्तांतरण का प्रस्ताव मंजूर किया गया।
यूपी में गाड़ी खरीदना होगा महंगा
यूपी में गाड़ी खरीदना अब महंगा हो जाएगा। दो पहिया और चार पहिया पर 1% टैक्स बढ़ेगा। 10 लाख से कम कीमत के नॉन एसी वाहन पर अभी तक 7 प्रतिशत टैक्स लगता था। जोकि अब 8 प्रतिशत लगेगा।
10 लाख से कम कीमत वाली एसी कार पर अब 8 से बढ़ाकर 9 प्रतिशत टैक्स लगेगा। वहीं 10 लाख से ज्यादा कीमत वाली गाड़ियों पर अब 10 की बजाय 11 प्रतिशत टैक्स लगेगा।
40 हजार से कम कीमत वाले दो पहिया वाहन पर टैक्स नहीं बढ़ाया गया है। वह पहले की तरह 7 प्रतिशत ही लगेगा। वहीं 40 हजार रुपए से ज्यादा कीमत वाले वाहनों पर अब 8 प्रतिशत की जगह 9 फीसदी टैक्स लगेगा। इलेक्ट्रिक वाहन टैक्स फ्री होने से 1000 करोड़ रुपए तक नुकसान हो रहा था। टैक्स बढ़ाने से 412 करोड़ रुपये टैक्स मिलेगा।
टैक्सी वाहनों पर टैक्स में कमी
टैक्सी (चार पहिया) वाहनों पर परिवहन टैक्स में कमी की गई है। वहीं बड़े मालवाहक वाहनों के टैक्स को बढ़ाया गया है। ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को राहत देने के लिए हर तीन महीने में टैक्स जमा करने की जगह वन टाइम टैक्स की व्यवस्था लागू की गई है। कैबिनेट ने राजस्व उत्तर प्रदेश मोटरयान कराधान अधिनियम 1997 के पुराने नोटिफिकेशन को समाप्त कर दिया है। नए नोटिफिकेशन जारी करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया।
यमुना एक्सप्रेस-वे एवं ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे की क्रासिंग (ग्राम जगनपुर-अफजलपुर के पास) पर NHAI इंटरचेंज का निर्माण कराएगी।
PRD जवानों का भत्ता बढ़ा
प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों के ड्यूटी भत्ता बढ़ाने को मंजूरी दी गई है। इसमें 105 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। 1 अप्रैल 2025 से इसे 395 से बढ़ाकर 500 रुपए प्रतिदिन कर दिया जाएगा। इसका लाभ 34092 जवानों को मिलेगा। यानी प्रति महीने ड्यूटी भत्ता 3150 रुपए बढ़ जाएगा।
टोयोटा कैमरी से चलेंगी राज्यपाल
यूपी की राज्यपाल अब टोयोटा कंपनी की कैमरी कार से चलेंगी। इसके लिए कैबिनेट में प्रस्ताव मंजूर किया गया है। इस कार की बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपए है।
परिवहन विभाग के संभागीय निरीक्षक का पदनाम बदलेगा
परिवहन विभाग के संभागीय निरीक्षक का पदनाम बदलकर अब मोटर वाहन निरीक्षक किया जाएगा। कैबिनेट बैठक में पदनाम बदलने के साथ मोटरयान अधिनियम 1988 की विभिन्न धाराओं और उत्तर प्रदेश स्टेट मोटर यान नियमावली 1998 के नियमों के तहत किसी अपराध को समाप्त करने की शक्ति प्रदान करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया।
अयोध्या में 300 बेड का अस्पताल, बच्चों के लिए डे केयर सेंटर
अयोध्या में 300 बेड का अस्पताल बनेगा। इसके साथ ही 3-7 साल के मूक-बधिर, नेत्रहीन और मानसिक रूप से अशक्त बच्चों के लिए डे केयर सेंटर बनाया जाएगा। इसके लिए ब्रह्मकुंड मोहल्ला परगना हवेली स्थित करीब 4000 वर्ग फीट भूमि दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग को हस्तांतरित की जाएगी।
सहकारी समिति, पंचायत नियमावली में संशोधन
सहकारी समिति और पंचायत नियमावली में संशोधन किया गया है। नीचे के पदों की संख्या अब 900 हो जाएगी। यानी अभी कुल 1307 पद हैं। 150 पदों को उच्चकृत किया गया है।
भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की प्रथम परिनियमावली 2025 को मंजूरी मिली। उत्तर प्रदेश हैंडलूम, पावरलूम, सिल्क, टेक्सटाइल और गारमेंट्स पॉलिसी 2017 के तहत छूटी हुई पात्र इकाइयों को अनुदान देने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है।