गाजीपुर सिविल कोर्ट परिसर में गवाह ने वकील को पीटा...दी जान से मारने की धमकी, FIR दर्ज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सिविल कोर्ट परिसर में एक गंभीर घटना सामने आई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में एक साक्षी ने वकील पर हमला कर दिया। अधिवक्ता रामकृष्ण पाण्डेय बुधवार को अपने मुवक्किल गोपाल यादव की पैरवी के लिए कोर्ट पहुंचे थे। उन्हें साक्षी भरत प्रसाद जायसवाल की जिरह करनी थी।
पाण्डेय जब पेशकार से मुकदमे की जानकारी ले रहे थे। तभी साक्षी भरत जायसवाल ने उनसे अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। साक्षी ने वकील के कॉलर और वकीली बैंड को फाड़ दिया। इसके बाद उन्हें थप्पड़ और घूंसे मारने लगा।
मौजूद अन्य वकीलों ने बीच-बचाव कर पाण्डेय को बचाया। आरोपी ने वकील की कच्ची फाइल भी फाड़ दी। आरोप है कि कोर्ट से बाहर निकलते समय उसने पाण्डेय को जान से मारने की धमकी दी। अधिवक्ता पाण्डेय ने कोतवाली थाना गाजीपुर में एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बताया कि आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है।