आज से स्कूल टाइमिंग बदली, काशी में गंगा की धारा सिकुड़ी, टापू दिख रहे; हीट वेव से लोग बेहाल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. यूपी में सुबह 10 बजे के बाद ही गर्म हवा के थपेड़े परेशान कर रहे हैं। धूप की तपिश बढ़ती जा रही है। 17 जिलों में हीट वेव (लू) का आज अलर्ट है। गर्म हवाएं 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। मंगलवार शाम तक 15 शहरों का तापमान 40°C से ज्यादा रिकॉर्ड हुआ।
वाराणसी में गंगा नदी की धारा सिकुड़ने लगी है। रेत के टापू दिखने लगे हैं। प्रयागराज में तापमान 41.8°C तक पहुंच गया है। गर्मी को देखते हुए सरकार ने क्लास-8 तक के स्कूलों की टाइमिंग बदली है। आज से स्कूल सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक लगेंगे।
![]() |
रेत के टापू दिखने लगे हैं। |
वाराणसी में BHU के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने कहा- मौसम वैज्ञानिक का कहना है सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले 3 से 4 दिन यूपी के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
प्रयागराज में 41.8°C तापमान, स्कूलों की टाइमिंग बदली
तीखी धूप का असर छोटे बच्चों पर न हो इसके लिए प्रयागराज में स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है। क्लास-8 तक के स्कूल अब सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक लगेंगे। BSA प्रवीण कुमार तिवारी का यह आदेश सभी बोर्ड के स्कूलों पर लागू होगा। प्रयागराज में 41.8°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। यहां रात भी गर्म हो रही है। 23.7°C तापमान रिकॉर्ड हुआ है।
कानपुर में बढ़ती गर्मी ने एक ही दिन में ऐसी करवट ली कि रात में भी गर्मी होने लगी हैं। रात में न्यूनतम तापमान ने 7.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंगलवार को रात का पारा 25 डिग्री पर पहुंच गया। पिछले 24 घंटों में 7.5 डिग्री की वृद्धि हुई। अगले 72 घंटों में 50 से 55 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। रविवार को गरज चमक के साथ बूंदाबांदी भी संभव है। वहीं, दोपहर को इस कदर धूप निकली कि लोगों सड़कों पर निकलना तक मुश्किल हो गया।
मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ की नई ब्रांच यूपी के उत्तर में हिमालय को छूकर आ रही है। इसका असर बुधवार को दिखेगा। इस बार अधिक गर्मी पड़ने का कारण क्लाइमेट चेंज है। अगले महीने तक तापमान 45°C के पर जाने का अनुमान दिख रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 24 घंटे में 42.6°C के साथ झांसी सबसे गर्म शहर और 14°C के साथ मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा शहर रिकॉर्ड हुआ।
काशी के घाटों पर दोपहर में कर्फ्यू जैसा नजारा दिख रहा है। दिन चढ़ने के साथ यहां सन्नाटा पसर जाता है। गर्मी के वजह से काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पहले से कम हुई है। मंदिर प्रशासन ने गंगा द्वार से लेकर गर्भगृह तक जर्मन हैंगर पंडाल लगाया है, साथ ही फैन एवं पानी की व्यवस्था जगह जगह गई है।
अगले 4 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम
10 अप्रैल: पूरे प्रदेश में बारिश होगी। 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। तापमान में 2-3 डिग्री तक गिरावट आएगी।
11 अप्रैल: पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
12 अप्रैल: तेज हवाएं चलेंगी। बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है।
13 अप्रैल: पूर्वांचल में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।