Today Breaking News

आज पूरे उत्तर प्रदेश में बरसात का अलर्ट, 50KM स्पीड से चलेंगी हवाएं

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पश्चिमी यूपी में शुक्रवार रात अचानक मौसम बदला। गाजियाबाद में घने बादल छाए। धूल भरी आंधी चली। नोएडा में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। आगरा, हाथरस और बरेली में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।
मथुरा में तेज आंधी के साथ करीब 1 घंटे तब बरसात हुई। शहर में कई जगह पेड़ उखड़ गए। कई होर्डिंग्स उड़ गईं। कई जगह बिजली के पोल गिर गए।

अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर और संभल में तेज आंधी चली। शहर में कई जगह बिजली कट गई। मेरठ में आंधी से यूनिवर्सिटी रोड पर लगा यूनिपोल गिर गया। जेसीबी से उसे हटाया गया। अलीगढ़ में भी कई पेड़ और खंभे गिर गए। शनिवार को पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट है। 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

यूपी में पिछले 36 घंटे में आंधी-तूफान और बिजली गिरने से 22 लोगों की मौत हो चुकी है। गुरुवार को लखनऊ समेत 25 शहरों में जोरदार बारिश हुई। सहारनपुर, लखीमपुर, पीलीभीत, बहराइच में ओले गिरे। 24 घंटे में प्रदेश के औसत तापमान में 4-5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

क्यों बदला मौसम
BHU में मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने कहा- पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदला है। पश्चिम से आ रही हवाओं में काफी मात्रा में नमी है। यूपी में लो प्रेशर एरिया (निम्न दबाव) बन रहा है। इसके चलते बारिश हो रही है।

अगले 3 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बारिश हो सकती है। 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी। जहां बारिश होगी, वहां कुछ देर के लिए तापमान में कमी आएगी। हालांकि, गर्मी से बहुत ज्यादा राहत के आसार नहीं हैं।

3 दिनों का मौसम पूर्वानुमान
12 अप्रैल : पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
13 अप्रैल : पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। जबकि पश्चिमी यूपी में बादल छाए रहेंगे और तेज हवाएं चलेंगी।
14 अप्रैल : पश्चिमी यूपी के कुछ शहरों में हल्की बारिश संभव है। हवाएं 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी।

बारिश से 10-15% फसलें सड़ सकती हैं
मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि अगर ओले गिरते हैं, तो किसानों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। खेतों में खड़ी पकी हुई गेहूं की फसल को भारी नुकसान होगा। अनुमान है कि 10-15% फसल खराब हो सकती है।
 
 '