Today Breaking News

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश और ओले गिरे, 12 की मौत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में गुरुवार शाम मौसम बदल गया। 12 जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई। अयोध्या और गोंडा में ओले गिरे। अयोध्या में आंधी इतनी तेज थी कि खड़ी एक ट्रॉली पलट गई। इसके नीचे दबकर तीन महिलाओं की मौत हो गई। जबकि दो महिलाओं की मौत दीवार के नीचे दबकर हुई।
रौनाही से रुदौली तक हाईवे पर कई जगह पेड़ उखड़ गए। रुदौली के पास डबल डेकर बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

इससे बीते 4 घंटे तक एक लेन पर करीब 20 किमी लंबा जाम लगा रहा। जाम में एम्बुलेंस भी फंसी रहीं। प्रशासन ने हाईवे क्लियर कराकर जाम खुलवाया है।

गोरखपुर के ब्रजेश वर्मा ने ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम से बताया, उन्हें देहरादून जाना था। रात 12 बजे लखनऊ के चारबाग से ट्रेन पकड़नी थी। जाम में करीब 3 घंटे फंसे रहे।

वहीं, बाराबंकी में तेज आंधी के बीच पेड़ और दीवार गिरने से 5 की मौत हो गई। इनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। कई गांवों में बिजली गुल है। बस्ती और अमेठी में की दो लोगों की मौत हुई।
अयोध्या हाईवे पर उखड़े पेड़ों को हटाया जा रहा
बहराइच, बलरामपुर महाराजगंज, कुशीनगर, अमेठी और लखीमपुर में भी 30 मिनट से डेढ़ घंटे तक बारिश हुई। बारिश से एक तरफ जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है।

लखनऊ में भी धूल भरी आंधी चली। अब तेज हवाएं चल रही हैं। आसमान में बादल छाए हैं। अगले कुछ घंटों में आंधी और बूंदाबांदी की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया, आज पूर्वी यूपी के जिलों में देर रात तक आंधी-पानी की संभावना है। कल शुक्रवार को 37 जिलों में बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। कुछ शहरों में ओले भी गिर सकते हैं।

अमेठी में बिजली से झुलसी महिला की अस्पताल ले जाते समय मौत
अमेठी में शुक्ल बाजार थाना क्षेत्र के ऊंचगांव में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिरी। चपेट में आने से महिला झुलस गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए। लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।

बस्ती में बिजली से किसान की मौत
बस्ती में लालगंज थाना क्षेत्र के पिपरपाती मुसतहकम गांव में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरी। चपेट में आने से 55 वर्षीय दीनानाथ यादव की मौत हो गई।

दीनानाथ खेत में गेहूं की मड़ाई कर रहे थे। अचानक मौसम बदला और तेज आंधी-पानी के साथ बिजली कड़कने लगी। खेत के पास बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा ले गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अयोध्या में आकाशीय बिजली की चपेट में आई महिला, हालत गंभीर
अयाेध्या के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी एक महिला आकाशीय बिजली की चपेट में आकर झुलस गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर है।

लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर बीते 2 घंटे से जाम लगा हुआ है। इसमें कई एम्बुलेंस भी फंसी हैं।

अयोध्या में दो और महिलाओं की मौत 
अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र के धन्नीपुर गांव के मजरे बुधौलिया निवासी जिगना गांव में गेहूं काट रही थी। इसी दौरान आंधी आ गई। बचने के लिए संदीप मिश्रा की बैठक में 32 वर्षीय दीपा यादव के साथ छिप गईं। आधी इतनी तेज थी कि दीवार अचानक गिर गई, जिसके छत के नीचे दोनों दब गए। मलबे से बाहर निकालकर सीएचसी सोहावल में दोनों को भर्ती कराया गया, जहां दीपा यादव की मौत हो गई। जबकि दीपा के पति दीपक यादव की हालत गंभीर है। दीपक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

वहीं, इनायतनगर थाना क्षेत्र के धमोलिया गांव में 67 वर्षीय शिवमूर्ति आंधी-पानी के दौरान खेत से लौट रही थीं। रास्ते में बाउंड्री वॉल उनके ऊपर गिर गई, जिससे वह घायल हो गईं। परिजन इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर गए। जहां उनकी मौत हो गई।

अयोध्या हाईवे पर उखड़े पेड़ों को हटाया जा रहा
अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर गिरे पेड़ को हटाया जा रहा है। ताकि आवागमन शुरू कराया जा सके।

अयोध्या में ट्रॉली के नीचे दबकर 3 की मौत
अयोध्या में थाना क्षेत्र रौनाही के सैदपुर मजरे महोली में आंधी के चलते भूसा लदी ट्राली के नीचे दबने से तीन लोगों की मौत हो गई। आंधी से बचने के लिए गांव की 27 वर्षीय ललिता, 19 वर्षीय पूजा पुत्री जल्ला और 28 वर्षीय कमला पत्नी राजेंद्र भूसा लदी ट्राली ने नीचे छुप गईं। आंधी के चलने से ट्राली पटल गई। जिसके नीचे दबने से तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रुदौली सीएचसी भेजा है।
अयोध्या में महिला पर बिजली गिरी, घायल
अयोध्या शहर के कैंट क्षेत्र में गोपालपुर निवासी महिला कंचन आकाशीय बिजली की चपेट में आने से घायल हो गई। इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। वहीं, इनायत नगर क्षेत्र में भी पेड़ के झोपड़ी पर गिरने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
 
 '