Today Breaking News

गाजीपुर में पारा 40 डिग्री के पार, बारिश की संभावना नहीं

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में भीषण गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार हो गया है। तीखी धूप और लू से लोग परेशान हैं। कृषि विज्ञान केंद्र पीजी कॉलेज के मौसम विशेषज्ञ कपिल देव शर्मा के अनुसार, अगले 5 दिनों तक मौसम साफ रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है।
अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पश्चिमी हवाएं 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी। गर्मी से बचने के लिए लोग चेहरे पर कपड़ा बांधकर और छाता लेकर घर से निकल रहे हैं। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है। स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर स्कूलों के समय में बदलाव की मांग की है। उन्होंने कहा कि मंडल के कई जिलों में लू का प्रकोप है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है। उन्होंने बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों का समय सुबह 7:30 से 11 बजे तक करने का प्रस्ताव रखा है। यह मांग बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए की गई है।
 
 '