Today Breaking News

गैंगस्टर के घर दावत में पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश, बोले- तलवारें लहराने वाले BJP के सैनिक

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़. अगर उनके (भाजपा) 400 सांसद जीत गए होते तो मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि आगरा में जो राइफल और तलवारें लहराई गईं वो सड़कों पर दिखाई देतीं। कोई सड़क-गली सूनी न बचती, जहां बवाल न हुआ होता। भाजपा के इस कार्यक्रम से हमें हिटलर की याद आ गई। हिटलर अपने कार्यकर्ताओं को वर्दी पहनाकर रखता था। हिटलर के ये कार्यकर्ता पुलिस की वर्दी में रहते थे। ये जो सेना-वेना (करणी सेना) दिखाई दे रही है, ये BJP के ट्रूपर्स (सैनिक) हैं।'
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बगल गैंगस्टर मोहम्मद राशिद बैठा है।
यह बात सपा प्रमुख अखिलेश यादव मंगलवार को आजमगढ़ में कही। अखिलेश यहां हाजी अब्दुल कलाम के बेटे मोहम्मद सादिक के दावत-ए-वलीमा में शामिल होने आए थे। हाजी अब्दुल कलाम सपा कार्यकर्ता हैं। इनके 4 बेटों में सादिक सबसे छोटा है। 2 बेटे मोहम्मद फजल और मोहम्मद सादिक घर पर रहते हैं। 2 अन्य बेटे मोहम्मद रशीद और मोहम्मद फहद सऊदी में रहते हैं। इन दोनों पर साल 2022 में गैंगस्टर लगा दिया गया था।

अखिलेश ने कहा- आजमगढ़ से हमारा काफी लगाव रहा है। आजमगढ़ को मैंने अपना माना है। जब-जब कठिन परिस्थितियां रहीं और जब भी लोकतंत्र को बचाने के लिए संविधान की जरूरत पड़ी, तो यहां की जनता ने हमेशा साथ दिया। हम लोग PDA परिवार की लड़ाई को आगे बढ़ने का काम करेंगे। अंबेडकर की जयंती पर हम लोगों ने जो संकल्प लिया है, उसके तहत प्रभुत्ववादी ताकतवर लोगों से लड़ते रहेंगे। जिससे सामाजिक न्याय का राज हो और इसकी स्थापना हो सके।
अखिलेश यादव के साथ सांसद धर्मेंद्र यादव और जिला अध्यक्ष हवलदार यादव भी दावत-ए-वलीमा में शामिल हुए।
अखिलेश ने कहा- आजमगढ़ के विकास के लिए बजट की कमी नहीं होगी। जो सपना समाजवादियों ने देखा है, उसे पूरा किया जाएगा। आज प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लैंड बैंक बनाने की बात कर रहे हैं। मैं कहता हूं कि जो सरकार आज तक लैंड बैंक नहीं बना पा रही है, वह इन्वेस्टमेंट क्या करेगी? आने वाले समय में बड़ा परिवर्तन होने वाला है। प्रदेश में कस्टोडियल डेथ के मामले सामने आ रहे हैं। आजमगढ़ जिले में भी एक ऐसी ही घटना हुई थी, जिसमें थाने के बाथरूम में युवक की मौत हुई थी। इस पर आज तक एक्शन नहीं हुआ।

डॉ. भीमराव अंबेडकर पर चल रही सियासत के सवालों पर अखिलेश ने कहा- यह जमाना और समय ऐसा है कि कोई बात कह देंगे, तो उसके मायने निकालने लग जाते हैं। भाजपा से हम नहीं लड़ सकते।

सादिक के 2 बड़े भाई गैंगस्टर, 100 लोगों ने लॉकअप से आरोपी को छुड़ाया था
हाजी अब्दुल कलाम के 4 बेटे हैं। इनमें दो बेटे मोहम्मद राशिद और मोहम्मद फहद गैंगस्टर हैं। साल 2021 में पीड़ित शाहबाज कमर ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि मोहम्मद राशिद ने अपने 3 साथियों के साथ मिलकर मुझे और मेरे भाई सरफराज कमर को पीटा। मेरी कार को तोड़ दी थी। गांव में दिखने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस मामले में आरोपी मोहम्मद राशिद, मोहम्मद फहद और एक अन्य भाई पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
इससे पहले साल 2015 में पुलिस कस्टडी से शीशम का पेड़ काटने के आरोपी रहे मोहम्मद मुकीम को छुड़ा ले जाने के मामले में 100 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। तत्कालीन थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने आरोप लगाया था कि मोहम्मद राशिद और मोहम्मद फहद समेत करीब 100 लोग लाठी-डंडे और बल्लम लेकर थाने आए। ये लोग शीशम का पेड़ काटने के आरोपी मोहम्मद मुकीम को लॉकअप से छुड़ाकर ले गए थे।

इसी मुकदमे के आधार पर जनवरी, 2022 में आजमगढ़ के SP रहे अनुराग आर्य ने 12 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। उनमें मोहम्मद फहद और मोहम्मद राशिद भी शामिल था।

गैंगस्टर राशिद के साथ फोटो खिंचवाने में दरोगा-सिपाही सस्पेंड हुए थे
गंभीरपुर थाने के सब-इंस्पेक्टर रहे मदन कुमार गुप्ता और सिपाही शुभम सिंह को 17 नवंबर, 2023 को उस समय के SP अनुराग आर्य ने सस्पेंड कर दिया था। 
इन दोनों पुलिसकर्मियों पर गैंगस्टर मोहम्मद राशिद के घर जाकर फोटो खिंचवाने का आरोप था। फोटो सामने आने पर इसकी जांच फूलपुर के तत्कालीन CO अनिल कुमार वर्मा ने की थी। जांच में सामने आया था कि दोनों पुलिसकर्मी दीपावली की बधाई लेने गैंगस्टर के घर गए थे।

8 महीने पहले आए थे अखिलेश
आजमगढ़ की 10 विधानसभा सीटों पर सपा के विधायक जीते हैं। इसके साथ ही आजमगढ़ की दोनों लोकसभा सीटों पर भी सपा का ही कब्जा है। आजमगढ़ को सपा अपना गढ़ मानती है। अखिलेश यादव 8 महीने पहले आजमगढ़ आए थे। अगस्त, 2024 में लालगंज में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लिया था।
 
 '