Today Breaking News

सरकारी विद्यालय में बार बालाओं ने लगाए ठुमके, अश्लील वीडियो वायरल; अब एक्शन में आया शिक्षा विभाग

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, हाथरस. सरकारी विद्यालय की दीवार तोड़कर बरामदे में सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम पर महिला डांसरों ने अश्लीलता परोसी। फिल्मी गीतों पर ठुमके लगाए। इसके लिए कोई अनुमति नहीं ली गई। सुबह वीडियो प्रसारित होने पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ब्लाक हसायन क्षेत्र में खाली खेतों में रविवार को मेला लगाया गया। मेला वर्षों से लगाया जा रहा है। हालांकि अनुमति ली नहीं गई थी। रात को सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए पास ही स्थित प्राइमरी विद्यालय की दीवार तोड़ दी गई। अंदर बरामदे में कार्यक्रम किया गया। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इसमें विद्यालय का बोर्ड भी दिख रहा है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
जानकारी होने पर सोमवार सुबह प्रधानाध्यापक रवि कुमार विद्यालय पहुंचे और दीवार तोड़कर आयोजन करने की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। पुलिस भी पहुंच गई। चौकी प्रभारी अरविंद कुमार ने आयोजन करने वालों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर आरोपित धर्मेंद्र कुमार, नीशु, रवि व संजीव को गिरफ्तार कर लिया। ये चारों गांव के ही लोग हैं।
कोतवाल अवधेश कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है। खंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीकांत ने बताया कि विभागीय स्तर पर भी जांच की जा रही है।

 
 '