Today Breaking News

गाजीपुर में ई-रिक्शा संचालन की नई व्यवस्था, 1618 ई-रिक्शा का सत्यापन पूरा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए एक नई पहल की गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर नगर क्षेत्र को चार रंगीन ब्लॉक में विभाजित किया गया है।
लाल रंग के ब्लॉक A में लंका से रौजा तक का मार्ग शामिल है। इस रूट पर 779 ई-रिक्शा का सत्यापन हुआ है। नीले रंग के ब्लॉक B में लंका से महराजगंज तक का क्षेत्र है, जहां 173 ई-रिक्शा सत्यापित हैं।

हरे रंग के ब्लॉक C में लंका से चित्तनाथ तक का मार्ग है। यहां 316 ई-रिक्शा का सत्यापन किया गया है। इस रूट के ई-रिक्शा लंका से विशेश्वरगंज नहीं जा सकते, लेकिन विशेश्वरगंज से लंका आ सकते हैं।

पीले रंग के ब्लॉक D में लंका से आदर्श बाजार तक का क्षेत्र है। इस मार्ग पर 350 ई-रिक्शा सत्यापित हैं। कुल मिलाकर नगर क्षेत्र में 1618 ई-रिक्शा का सत्यापन और कोडिंग पूरा हो चुका है।

यातायात प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि निर्धारित रूट से बाहर चलने वाले ई-रिक्शा पर कार्रवाई की जाएगी। मरीज या रिजर्व यात्री ले जाने वाले वाहनों पर यह लिखना अनिवार्य होगा।

यह नई व्यवस्था नगरवासियों को जाम से राहत देगी। साथ ही, सत्यापन से पुलिस के पास सभी ई-रिक्शा की जानकारी रहेगी, जिससे आपात स्थिति में तुरंत पहचान की जा सकेगी।
 
 '