Today Breaking News

मां बनने वाली है जेल में बंद हत्यारन मुस्कान, डॉक्टर बोलीं- गर्भवती है

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, मेरठ. मेरठ में सौरभ हत्याकांड की आरोपी मुस्कान प्रेग्नेंट है। 5 अप्रैल को उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। उसमें प्रेग्नेंसी जैसे लक्षण दिखाई दिए थे। इसके बाद जेल प्रशासन ने मुस्कान का चेकअप करने के लिए डॉक्टर बुलाए। 7 अप्रैल को लेडी डॉक्टर कोमल ने जिला जेल में आकर मुस्कान का टेस्ट किया था। इसमें उसकी प्रेग्नेंसी की पुष्टि हुई।
दरअसल, 19 मार्च से मुस्कान और साहिल मेरठ जिला जेल में बंद हैं। मुस्कान ने साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ की हत्या कर दी थी। जेल आने के बाद मुस्कान का प्राइमरी मेडिकल टेस्ट किया गया था। तब वह पूरी तरह स्वस्थ थी।

वहीं, सोमवार को साहिल की नानी भी जिला जेल में उससे मिलने पहुंची। हालांकि, उन्हें मुस्कान के प्रेग्नेंट होने के बारे में पता नहीं था।

रूटीन विजिट से पहले बुलाई गई डॉक्टर
महिला जिला अस्पताल से लेडी डॉक्टर हर महीने की 15 तारीख को जेल में रूटीन विजिट पर जाती हैं। विशेष परिस्थितियों में ही डॉक्टर को बीच में बुलवाया जाता है। दो महिला बंदियों संगीता और मुस्कान की तबीयत खराब होने के बाद जेल प्रशासन ने जिला महिला अस्पताल को लेटर भेजकर डॉक्टर को भेजने की मांग की थी। वहीं, जेल सूत्रों ने बताया कि मुस्कान का बार-बार जी मिचला रहा था और उल्टी भी हो रही थी।

मेरठ की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सरिता त्यागी ने बताया- कई बार शुरुआत में या पहले महीने में प्रेग्नेंसी का पता नहीं चलता। दूसरे या तीसरे महीने प्रेग्नेंसी कंफर्म होती है। ये किसी भी महिला के साथ हो सकता है। मुस्कान कितने महीने की प्रेग्नेंट है, यह जांच के बाद बताया जाएगा।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने कहा- सोमवार को जिला अस्पताल से डॉ. कोमल जिला जेल में पहुंची। मुस्कान सहित 4 और महिला बंदियों की जांच की है। उनको कुछ टेस्ट भी लिखे हैं। मुस्कान के लिए भी कुछ टेस्ट लिखे हैं, जिनको उन्होंने बाहर से कराने के लिए कहा है। जेल में बंदी की निजी जानकारी को हम शेयर नहीं कर सकते, इसलिए वो टेस्ट क्या हैं ये नहीं बता सकते।

साहिल से जेल में फिर मिलने पहुंची नानी
मुस्कान के बॉयफ्रेंड साहिल से मिलने के लिए उसकी नानी प्रेमवती सोमवार को दोबारा जिला जेल पहुंची। नानी इससे पहले 26 मार्च को साहिल से मिलने जेल में आई थी। उस दिन नानी ने साहिल को कपड़े, केले और नमकीन का पैकेट दिया था। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि मुस्कान से मिलने अभी तक कोई नहीं आया है।
साहिल की नानी उससे मिलने के लिए जेल में पहुंची थीं।
भारतीय कानून के अनुसार, मुस्कान का प्रेग्नेंसी टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद उसको सजा में रियायत मिल सकती है। उसकी जमानत भी आसानी से हो सकती है। वहीं, जेल में उसे विशेष सुविधाओं के साथ रखा जाएगा। ऐसे में केस भी लंबा चल सकता है।

उदाहरण के लिए दिल्ली और बॉम्बे हाईकोर्ट ने ऐसे मामलों में मानवीय आधार पर जमानत दी है। कोर्ट ने ये माना कि जेल में बच्चे को जन्म देना मां और बच्चे दोनों के लिए अच्छा नहीं रहेगा।

CMO ने कहा- दोनों बंदियों का अल्ट्रासाउंड होगा
CMO डॉ. अशोक कटारिया ने कहा- डॉ. कोमल ने बताया है कि मुस्कान और संगीता दो बंदी गर्भवती मिले हैं। दोनों का प्रेग्नेंसी टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। दोनों महिलाओं को खून बढ़ाने वाली दवाएं दी गई हैं। कितने महीने की प्रेग्नेंसी है? अभी यह नहीं बता सकते, दोनों महिलाओं का अल्ट्रासाउंड कराया जाएगा।

19 मार्च को जेल जाने के बाद साहिल और मुस्कान 2 अप्रैल को एक-दूसरे को देख पाए थे। ये मुलाकात जेल के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम में हुई थी। जेल सूत्रों के मुताबिक, साहिल को देखते ही मुस्कान रो पड़ी थी। करीब 15 मिनट तक दोनों वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम में रहे थे। मुस्कान और साहिल एक दूसरे से बात करना चाहते थे। हालांकि, जेल वॉर्डन ने दोनों को बातचीत नहीं करने दी।

ऑनलाइन पेशी के बाद कोर्ट ने 14 दिन यानी 15 अप्रैल तक दोनों की न्यायिक हिरासत बढ़ा दी थी। इसके बाद मुस्कान को महिला बंदियों और साहिल को पुरुष बंदियों की बैरक में भेज दिया गया था।

पुलिस ने दोनों को बराबर का दोषी माना
मेरठ पुलिस ने सौरभ हत्याकांड की चार्जशीट लगभग तैयार कर ली है। अधिकारियों के मुताबिक, चार्जशीट अगले सप्ताह कोर्ट में पेश कर दी जाएगी। केस डायरी में पुलिस ने लिखा- हत्या के पीछे की वजह तंत्र क्रिया नहीं थी। इसे साहिल और मुस्कान के लव अफेयर की वजह से अंजाम दिया गया।

पुलिस को साक्ष्य मिले कि मुस्कान पहले भी साहिल के साथ भाग चुकी थी। ऐसे में सौरभ ने तय कर लिया था कि वह मुस्कान को तलाक दे देगा। तब दोनों के परिवार वालों ने ही पंचायत कराई थी। पुलिस ने केस डायरी में मुस्कान और साहिल को बराबर का दोषी माना है।

पति की हत्या के बाद साहिल संग हिमाचल में मनाया था हनीमून
सौरभ की हत्या करने के बाद मुस्कान और साहिल ने उसके शव के टुकड़े कर दिए थे। फिर इन टुकड़ों को दोनों ने ड्रम में भरकर ऊपर से सीमेंट डाल दिया था। इसके बाद साहिल और मुस्कान हिमाचल चले गए थे। वहां जाकर दोनों ने मंदिर में शादी रचाई और फिर वहीं हनीमून मनाया था। जब दोनों हनीमून से लौटे थे, तब इस पूरे हत्याकांड का खुलासा हुआ था।

जेल में सिलाई-कढ़ाई सीख रही मुस्कान
मुस्कान जेल में सिलाई सीख रही है। यह काम उसने खुद ही मांगा है। दूसरी तरफ साहिल खेती करना सीख रहा है। दोनों लगातार जेल में एक-दूसरे से मुलाकात करने की मांग कर रहे हैं। लेकिन जेल प्रशासन दोनों की मुलाकात नहीं करवा रहा है। दरअसल, दोनों ने अपनी शादी का कोई भी सबूत अभी तक जेल प्रशासन को नहीं दिया है।
 
 '