गाजीपुर में हत्या का आरोपी गिरफ्तार, मजदूरी मांगने पर दो किशोरों पर चाकू से हमला किया था
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मुहम्मदाबाद (Muhammadabad News) में पुलिस ने एक किशोर की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गोविंद राजभर को परसा मोड़ के पास से पकड़ा गया। पुलिस ने उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है।
घटना परानपुर गांव की है। आरोपी गोविंद राजभर ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य में मजदूर उपलब्ध कराता था। उसने गांव के दो किशोर राजन राजभर और शिवा राजभर को मजदूरी पर रखा था। रविवार की रात दोनों किशोर अपनी बकाया मजदूरी मांगने गोविंद के घर गए। इस बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद के दौरान गोविंद ने दोनों किशोरों पर चाकू से हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राजन की हालत ज्यादा गंभीर थी, जिसे वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। बुधवार को इलाज के दौरान राजन की मौत हो गई।
मृतक के चाचा संजय राजभर ने गोविंद और उसके पिता रामबरन राजभर के खिलाफ मामला दर्ज कराया। थाना प्रभारी रामसजन नागर के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया है।