हेमा मालिनी पहुंची लखनऊ, सीएम योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. मथुरा की सांसद हेमा मालिनी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से मथुरा के पर्यटन विकास के लिए अयोध्या और बनारस की तरह विशेष पैकेज दिए जाने की मांग की। सांसद हेमा मालिनी ने बांके बिहारी जी कॉरिडोर का कार्य जल्द शुरू कराए जाने सहित दो दर्जन से अधिक विकास परियोजनाओं की सूची भी उनको सौंपी।
विकास कार्य कराए जाने के लिए सौंपी सूची
सांसद हेमा मालिनी ब्रज के विकास को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने लखनऊ पहुंची। हेमा मालिनी ने इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के साथ ब्रज के विकास की संभावनाओं पर चर्चा की। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से क्रियान्वित हो रही विकास योजनाओं पर भी बातचीत की। साथ ही ब्रज तीर्थ विकास परिषद की कार्ययोजना योजना 2025-26 को लेकर भी दोनों के बीच चर्चा हुई। सांसद हेमा मालिनी ने इस चर्चा के बीच मथुरा के विकास के लिए अयोध्या, बनारस की तर्ज पर विशेष पैकेज दिए जाने की आवश्यकता जताई।
सांसद हेमा मालिनी ने मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री से मथुरा वृंदावन रेल लाइन को सड़क मार्ग में परिवर्तन करने, ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के विकास सहित वृंदावन, महावन, गोवर्धन, जैत रिंग रोड़ का भी पूर्व प्रस्तावों पर काम कराने का भी आग्रह किया। इसके अलावा दो दर्जन कामों की एक और सूची मुख्यमंत्री को सौंपी जिसमें कई रोड प्रस्तावित हैँ।
![]() |
सांसद हेमा मालिनी ने नगर विकास मंत्री अरविन्द शर्मा के साथ बैठक की |
मुख्यमंत्री ने हेमा मालिनी से ब्रज के विकास को अपनी प्राथमिकता का हिस्सा बताया। कहा कि भगवान श्री राधा कृष्ण की जन्म और लीला स्थलियों का विकास अयोध्या और बनारस पैटर्न पर ही होगा। इसके अलावा उन्होंने नगर विकास मंत्री अरविन्द शर्मा के साथ बैठक की।
सांसद ने उनको बताया कि मथुरा-वृन्दावन नगर निगम के अन्तर्गत आने वाले समस्त क्षेत्र में वर्ष भर देश-विदेश से तीर्थ यात्रियों का हजारों की संख्या में आगमन रहता है अनेक स्थानों पर अति महत्त्वपूर्ण प्राचीन मन्दिर है। जिस कारण से मन्दिर के आस-पास स्थित आबादी क्षेत्र में हर समय सफाई व्यवस्था की आवश्यकता रहती है। मथुरा-वृन्दावन नगर निगम क्षेत्र में अपर्याप्त संसाधन एवं कर्मचारियों के कारण पूर्ण रूप से हर समय क्षेत्र को साफ रखना मुश्किल रहता है, जिस कारण से देश विदेश से आने वाले तीर्थ यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को गंदगी से परेशानी होती है तथा जन मानस में संसदीय क्षेत्र मथुरा-वृन्दावन नगर निगम की छवि धूमिल होती है। इसलिए मथुरा-वृन्दावन नगर निगम क्षेत्र में साफ सफाई की व्यवस्था हेतु पर्याप्त अधिकारी, कर्मचारी एवं सफाई उपकरणों की व्यवस्था हेतु परियोजना स्वीकृत कराते हुए धनावंटन करने के लिए आदेश करें।
![]() |
मथुरा-वृन्दावन नगर निगम क्षेत्र में साफ सफाई की व्यवस्था हेतु पर्याप्त अधिकारी, कर्मचारी एवं सफाई उपकरणों की व्यवस्था हेतु परियोजना स्वीकृत कराते हुए धनावंटन की सांसद ने नगर विकास मंत्री से मांग की |
इसके अलावा वर्ष 2023 के अनुसार नगर निगम क्षेत्र में 194804 घरेलू भवन है। जिनमें से 45065 नग हाउस होल्ड्स (23.13 प्रतिशत कवरेज) सीवरेज व्यवस्था से संतृप्त है एवं 117467 नग हाउस होल्ड्स (76.87 प्रतिशत कवरेज) का गेप है। सीवरेज व्यवस्था हेतु अमृत 2-0 में दिये गये निर्देशों के कम में नगर निगम की विस्तारित क्षेत्र को सम्मिलित करते हुये उ.प्र. जल निगम (नगरीय) द्वारा नगर निगम क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था प्रदान किये जाने हेतु एक्शन प्लान 511 करोड़ का तैयार कर सम्बन्धित विभाग द्वारा अपलोड किया जा चुका हैं। उक्त परियोजना की शीध्र ही स्वीकृति प्रदान करें।
सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने बताया कि अगले 10 दिन के अंदर मुख्य मंत्री योगी के निर्देश पर प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मथुरा जिले के लिए स्पेशल पैकेज पर स्थानीय अधिकारियों के साथ विचार विमर्श करेगी। इसके अलावा इसी हफ्ते नगर विकास के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात मथुरा आकर प्रस्तावित परियोजना का स्थलीय निरीक्षण करेंगे तथा प्रभावी बैठक कर प्रस्तावों पर मोहर लगाएंगे।