प्रेमी के शव से लिपटकर रोती रही प्रेमिका...साथ भागने से मना किया तो लगाई फांसी, लड़की ने उतारी बॉडी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, सहारनपुर. सहारनपुर में एक युवक ने प्रेमिका के सामने फंदे से लटककर जान दे दी। रविवार सुबह दोनों घर से थोड़ी दूर एक खेत में पहुंचे। यहां युवक ने उससे साथ भाग चलने के लिए कहा, लेकिन लड़की ने इनकार कर दिया।
इसके साथ ही लड़की अपने घर वापस जाने लगी। इस पर नाराज युवक ने पीछे से उसकी चुनरी खींच ली। फिर दौड़ता हुआ एक पेड़ पर चढ़ गया। लड़की भी चिल्लाते हुए पीछे-पीछे दौड़ रही थी।
वह बार-बार कह रही थी- ऐसा मत करो। कोई गलत कदम मत उठाओ। लेकिन, युवक प्रेमी नहीं माना। उसने चुनरी पेड़ में बांधी और उससे लटक गया। इस बीच लड़की भी पेड़ पर चढ़ गई। जल्दी-जल्दी फंदा खोल दिया। फंदा खुलते ही युवक खेत में गिर गया। इसके बाद लड़की नीचे उतरी तो देखा प्रेमी की सांसें थम चुकी थीं।
इसके बाद लड़की शव से लिपटकर रोने लगी। थोड़ी देर में गांव के लोग और पुलिस पहुंच गई। मामला बिहारीगढ़ के कुरडीखेडा गांव का है।
अब जानिए पूरा मामला
समरेज बारुगढ़ का रहने वाला था। उसका 2-3 साल से गांव की ही एक लड़की से अफेयर चल रहा था। दोनों अक्सर साथ घूमते-फिरते थे। एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे। यह बात किसी तरह से दोनों के घरवालों को पता चल गई। दोनों का धर्म अलग-अलग था, इसलिए परिवार वाले शादी के लिए राजी नहीं हुए।
![]() |
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। |
घर वालों ने दोनों के मिलने-जुलने पर रोक लगा दी। लड़की के घर वाले उसके लिए रिश्ता देखने लग गए। यह बात समरेज को पता चल गई। उसने रविवार सुबह लड़की को गांव से 500 मीटर दूर खेत में मिलने के लिए बुलाया। सुबह 4 बजे दोनों खेत में पहुंचे। करीब 2 घंटे तक दोनों ने बातचीत की।
प्रेमिका की चुनरी खींची और पेड़ से लटक गया
लड़की ने बताया- समरेज ने मुझसे कहा कि चलो कहीं दूसरे शहर चलते हैं, क्योंकि घरवाले हम दोनों के रिश्ते के लिए कभी राजी नहीं होंगे। इस पर मैंने उसे समझाया कि हम दोनों मिलकर घर वालों को राजी कर लेंगे, लेकिन वह मेरी एक बात नहीं सुन रहा था। इस पर मुझे गुस्सा आ गया।
मैंने कहा कि मैं घर जा रही हूं। मैं वहां से 200 मीटर आगे ही जा पाई थी, तभी पीछे से समरेज ने मेरी चुनरी छीन ली। इसके बाद वह दौड़ता हुआ पेड़ के पास पहुंचा और उस पर चढ़ गया। मैं भी चिल्लाते हुए पीछे-पीछे दौड़ रही थी।
उससे कह रही थी कि ऐसा मत करो। लेकिन, उसने मेरी बात नहीं सुनी और पेड़ से लटक गया। मैंने पेड़ से चढ़कर फंदा खोला, तो वह पेड़ के ठीक बगल वाले खेत में गिर गया। मैं नीचे उतरी तो देखा समरेज की मौत हो चुकी थी।
लड़की रोते हुए बोली- मैं उसे बचा नहीं सकी...
लड़की की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग पहुंचे। उन्होंने देखा तो लड़की शव से लिपटकर रो रही थी। गांव वालों के पूछने पर वह कहने लगी- इसने मेरी ही चुनरी से फंदा बनाकर सुसाइड कर लिया है। मैं इसे बचा नहीं सकी। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।