Today Breaking News

पति का मन पसीजा…लेकिन स्त्री घर जाने को तैयार नहीं, महिला बोली- दामाद के साथ ही रहेगी, पुलिस ने वन स्टॉप भेजा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, अलीगढ़. अलीगढ़ में होने वाले दामाद के साथ फरार होने वाली सास 16 अगस्त को वापस लौट आई। दामाद और सास ने दादों थाने में सरेंडर किया और पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। गुरुवार को भी इस मामले में पंचायत होती रही और परिवार जनों को बुलाया गया।
सास का कहना है कि वह अपने घर वापस नहीं जाएगी। वह राहुल के साथ ही अब अपना जीवन गुजारेगी।
पुलिस के समझाने के बाद अनीता उर्फ अपना देवी के पति जितेंद्र का दिल पसीज गया और वह उसे अपने घर ले जाने के लिए तैयार हो गया। लेकिन अपना देवी अपने पति के साथ जाने को तैयार नहीं थी। उसका कहना था कि वह अब राहुल के साथ ही रहेगी और उसके साथ ही जीवन बिताएगी। जिसके बाद पुलिस ने महिला को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है।

6 अप्रैल को हुई थी फरार, 16 को आए वापस
मडराक थाना क्षेत्र के गांव मनोहरपुर कायस्थ निवासी जितेंद्र कुमार की बेटी शिवानी की शादी दादों थाना क्षेत्र के गांव नगला मछरिया निवासी ओमवीर के बेटे राहुल से तय हुई थी। गोद भराई की रस्म हो चुकी थी और 16 अप्रैल को बारात आनी थी। दोनों तरफ शादी के कार्ड बंट रहे थे और रिश्तेदार भी आने शुरू हो गए थे।

लेकिन इससे 9 दिन पहले ही 6 अप्रैल को राहुल अपनी होने वाली सास अनीता उर्फ अपना देवी को लेकर फरार हो गया। दोनों परिवारों ने थाने में शिकायत देकर गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस इन्हें खेजती रही। लेकिन दोनों दिल्ली, बिहार, नेपाल तक घूमते रहे। इसके बाद 16 अप्रैल को इन्होंने दादों थाने में आकर सरेंडर कर दिया। महिला ने अपनी मर्जी से राहुल के साथ जाने की बात कबूल की।

पंचायत में गांव के लोग भी पहुंचे थे
दादों थाने में सरेंडर करने के बाद दादों पुलिस ने राहुल और अपना देवी को मडराक थाने के सुपुर्द कर दिया था। मडराक थाने में ही गुरुवार को महिला और उसके परिवार के लोगों को बुलाया गया था। महिला का पति जितेंद्र जब थाने पहुंचा तो उसके साथ गांव के लोग भी पहुंचे थे। उसके दोनों बेटे भी साथ में पहुंचे थे। थाने के ही मीटिंग हॉल में लगभग 7 घंटे तक पंचायत होती रही।

पुलिस दोनों पक्षों को समझाती रही। लोगों ने पति को समझाया कि राहुल ने ही महिला को बहलाया है। पहले भी वह गांव की महिलाओं को लेकर भाग चुका है। लोगों और पुलिस के समझाने पर महिला का पति बोला कि वह अपनी पत्नी की गल्तियों को माफ करने के लिए तैयार है। वह अपने बच्चों के लिए उसे घर ले जाएगा और पहले की तरह ही साथ रखेगा। लेकिन महिला ने घर जाने से मना कर दिया। शाम 7-8 बजे तक थाने में यह समझौता वार्ता चलती रही थी।

पुलिस दोनों पक्षों में समझौता कराकर महिला को घर भेजने का प्रयास कर रही थी। जब महिला नहीं मानी तो पुलिस ने उसे वन स्टॉप सेंटर के महिला केंद्र भेज दिया। अब शुक्रवार को महिला के बयान दर्ज किए जाएंगे। मजिस्ट्रेट के सामने महिला के बयान दर्ज करने के बाद उसे छोड़ दिया जाएगा। जिससे कि वह अपना आगे का जीवन शुरू कर सके।

महिला ने चोरी के आरोप से किया इनकार
जितेंद्र ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाया था कि वह जाते समय घर में रखे 3.50 लाख रुपए और 5 लाख के जेवर ले गई थी, जो उसने अपनी बेटी शिवानी की शादी के लिए रखे थे। लेकिन महिला जब थाने आई तो उसने इस बात से इनकार कर दिया। उसका कहना था कि वह अपने साथ सिर्फ 200 रुपए लेकर गई थी और चोरी की बात बिल्कुल गलत है।

पुलिस की हिरासत में है राहुल
पंचायत में जब बात नहीं बनी तो पुलिस ने महिला को वन स्टॉप सेंटर में भेज दिया, जबकि राहुल को अभी अपनी हिरासत में ही रखा है। महिला के बयान दर्ज होने के बाद पुलिस दोनों को छोड़ देगी। हालांकि राहुल के परिवार के लोगों ने भी उसे अपने पास रखने से इनकार कर दिया है।

वहीं दूसरी ओर सास के साथ फरार होने वाले राहुल ने बताया कि अगर अपना देवी अपने परिवार के पास वापस लौटना चाहती है तो उसे इस बात से कोई ऐतराज नहीं है। अगर वह राहुल के ही साथ रहना चाहती है तो वह उसे रखने के लिए तैयार है और जीवन भर उसका साथ निभाएगा। जिसके बाद पुलिस अब महिला के 164 के बयान कराने की तैयारी कर रही है।

दोनों बालिग हैं, उसका निर्णय ही मान्य
सीओ महेश कुमार ने बताया कि महिला और उसके परिवार के बीच बातचीत कराई गई थी। लेकिन महिला वापस जाने के लिए तैयार नहीं है। महिला बालिग है और राहुल भी बालिग है। दोनों अपना निर्णय लेने में सक्षम हैं। इसलिए महिला के बयान दर्ज किए जाएंगे। अगर वह राहुल के साथ ही रहना चाहती है तो उसे उसके साथ ही भेज दिया जाएगा। 
 
 '