Today Breaking News

पति का अफेयर, पत्नी ने मौत को गले लगाया; पति ने ससुर से बोला- शादी का खर्च ब्याज समेत दे दूंगा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, झांसी. झांसी में शादी के 11 महीने बाद ही एक महिला ने सुसाइड कर लिया। उसके पति का किसी और युवती से अफेयर है। इसको लेकर दोनों के बीच लगातार झगड़ा होता था। रविवार को पति ने अपने ससुर को फोन कर कहा- अपनी बेटी शिवानी को ले जाओ। शादी में जो खर्च हुआ है, वह सब ब्याज के साथ लौटा दूंगा। अब मुझे दूसरी शादी करनी है।
14 दिन बाद शिवानी की पहली मैरिज एनिवर्सरी थी, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
इसके बाद मायके वाले ससुराल पहुंचे, तो शिवानी जमीन पर मृत पड़ी थी। मायके वालों ने गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज कर ससुर को हिरासत में लिया है। मामला चिरगांव थाना क्षेत्र के देदर गांव का है।

शिवानी यादव (25) चिरगांव के देदर गांव की रहने वाली थी। उसका मायका मध्यप्रदेश के सेंधरी में है। शिवानी के मामा रघुराज यादव ने बताया- मेरी भांजी की शादी 28 अप्रैल, 2024 को मनीष यादव से हुई थी। शादी में शिवानी के पिता रविंद्र यादव ने 20 लाख रुपए खर्च किए थे।

शादी के बाद से ही ससुराल वाले भांजी को दहेज के लिए परेशान करने लगे। वे 2 लाख रुपए कैश और कार की डिमांड कर रहे थे। हम लोग यह सब देने में असमर्थ थे। 10 दिन पहले ही शिवानी मायके से अपने ससुराल आई थी। 28 अप्रैल को भांजी की पहली मैरिज एनिवर्सरी थी।

पति का किसी और से अफेयर था
रघुराज यादव ने बताया- भांजी के पति मनीष का किसी और युवती से अफेयर था। वह उसी से शादी करना चाहता था। इसको लेकर भांजी और मनीष के बीच झगड़ा होता था। शनिवार को मनीष ने ससुर रविंद्र को फोन कर कहा कि शिवानी को ले जाओ। अब मैं इसे नहीं रख सकता।

इस पर हम लोगों ने छोटे भाई रौनक और चचेरे भाई शानू को देदर भेजा। दोनों पहुंचे तो शिवानी जमीन पर पड़ी थी। ससुराल वाले एंबुलेंस से शिवानी को चिरगांव सीएचसी ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद ससुराल वाले भाग गए।

चिरगांव थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय ने बताया- पिता रविंद्र यादव की तहरीर पर पति मनीष, ससुर राजकुमार, सास समेत 6 ससुराल वालों पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। ससुर को हिरासत में लेकर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पंचनामा भरकर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।
 
 '