Today Breaking News

बारात लेकर जा रहा दूल्हा ट्रेन के आगे कूदा, चलती कार से उतरा फिर लगाई छलांग

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, अमेठी. अमेठी में बारात लेकर जा रहे दूल्हे ने ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया। वह शुक्रवार शाम को बारात लेकर निकला। घर से 45 किमी दूर चलती कार से बैग लेकर उतर गया। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले वो ओवरब्रिज पर चढ़ गया। फिर ढाई घंटे बाद मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी।
घटना अमेठी के गौरीगंज थाना क्षेत्र की है। दूल्हे की मौत की सूचना मिलते ही दुल्हन रो-रोकर बेसुध हो गई। पुलिस के मुताबिक, सुसाइड की वजह अब तक पता नहीं चल सकी है। घरवालों ने बताया कि युवक की मर्जी से शादी तय की गई थी। उसका कहीं कोई प्रेम-प्रसंग भी नहीं चल रहा था।

अब पूरी घटना सिलसिलेवार पढ़िए...
30 साल का दूल्हा रवि यादव रायबरेली के सलोन थाना के सूची चौराहे का रहने वाला था। उसकी शादी 4-5 महीने पहले मऊ के घोसी थाना क्षेत्र के नवापुर गांव निवासी आनंद यादव की बहन से तय हुई थी।
यह तस्वीर रवि यादव की है। (फाइल फोटो)
पिता राम किशोर ने बताया शुक्रवार दोपहर घर से साढ़े 3 बजे बारात रवाना हुई। दूल्हा रवि भी खुशी-खुशी दुल्हन के घर के लिए निकला। करीब 5 बजे हम लोग कार से अमेठी के सैंठा चौराहे पहुंचे। गौरीगंज ब्रिज पर गाड़ी स्लो हुई थी, तभी रवि कार से उतरकर भागने लगा। हम पकड़ने के लिए भागे, तब तक वो ओवरब्रिज पर चढ़ गया।

रवि चार किलोमीटर दूर स्थित बनी हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर उतरा। यहां रेलवे ट्रैक पर खड़ा हो गया। शाम करीब 7:30 बजे प्रतापगढ़ से लखनऊ जा रही मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी। रेलवे के पॉइंट मैन चंदन कुमार ने मालगाड़ी से ही इसकी सूचना गौरीगंज रेलवे स्टेशन को दी।

इसके बाद स्टेशन मास्टर संजय ने गौरीगंज पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस को रवि के बैग में शादी के कपड़े और मोबाइल मिला, जिससे पहचान कर पुलिस ने परिवार वालों को सूचना दी। परिवार वालों ने जब रवि की पहचान की तो उसने जींस-टीशर्ट पहन रखी थी। माना जा रहा है कि उसने चलती ट्रेन में ही शादी वाले कपड़े बदले होंगे।
यह स्टेशन मास्टर संजय हैं, जिनकी सूचना पर पुलिस पहुंची थी।
बड़े भाई सुनील के मुताबिक, शुक्रवार शाम 4.52 बजे कार ड्राइवर ने फोन कर बताया कि रविकार से उतरकर कहीं भाग गया है। इसके बाद हम लोगों ने रवि को करीब 20 बार फोन किया। वह हर बार लगातार अलग-अलग लोकेशन बताता रहा। शाम करीब 6 बजे उसने फोन स्विच ऑफ कर लिया। हम उसे खोजने का प्रयास करते रहे।

रात 9:30 बजे पुलिस का फोन आया कि रवि ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी है। पिता रामकिशोर यादव ने बताया कि बेटा रवि तो शादी से काफी खुश था। शुक्रवार सुबह उसने खुद ही सारी शॉपिंग की थी। फिर उसने ऐसा क्यों किया, यह समझ नहीं आ रहा।

पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। युवक ने ऐसा क्यों किया यह अभी तक क्लियर नहीं हुआ है। घरवालों से पूछताछ की जा रही है। दूल्हे रवि के मोबाइल का सीडीआर निकाला जा रहा है, जिससे पता चल सके कि उसने घटना से पहले और किससे बात की।

रवि यादव दो भाइयों में छोटा था। वह ग्रेजुएट तक पढ़ा था। इसी साल जनवरी में रवि का वरीछा हुआ था। वह बड़े भाई सुनील के साथ ही गांव में रहकर खेतीबाड़ी करता था। उसके पिता रामकिशोर यादव पीएसी से रिटायर्ड हैं। जो अभी प्राइवेट नौकरी कर रहे हैं। रवि का परिवार मूल रूप से आजमगढ़ जिले का रहने वाला है। जो पिछले 50 सालों से अमेठी जिले में रह रहा है।
 
 '