शादी के 10 दिन पहले बीएड छात्रा की हत्या, एकतरफा प्यार में दिनदहाड़े गोली मारी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, बिजनौर. यूपी के बिजनौर में शादी से 10 दिन पहले युवती की हत्या कर दी गई। वह पिता और बहन के साथ शॉपिंग करने बाइक से मार्केट जा रही थी, तभी पीछे से बाइक से युवक आया। उसने तमंचे से सिर में सटाकर गोली मार दी।
![]() |
भावना उर्फ निशु शर्मा (फाइल फोटो)। |
गोली लगते ही युवती बाइक से सड़क पर गिर गई। उसकी मौके पर मौत हो गई। आसपास के लोग आरोपी को पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन वह तमंचा लहराते हुए भाग गया। थोड़ी देर बाद उसने थाने में जाकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी समेत मां-बाप और बहनाई पर केस दर्ज किया है।
युवती का नाम भावना उर्फ निशु शर्मा (24) था। वह बीएड कर रही थी। 26 अप्रैल को तिलक जाना था। एक मई यानी 10 दिन बाद उसकी शादी होनी थी। वारदात कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के करौंदा चौधर गांव की है।
पुलिस के मुताबिक, भावना शर्मा रविवार सुबह 8 बजे पिता वेद प्रकाश और बहन आकांक्षा के साथ शादी की शॉपिंग करने जा रही थी। वह घर से बमुश्किल एक किमी दूर पहुंची होगी, तभी आरोपी शिवान त्यागी बाइक से उसका पीछा करने लगा।
भावना जब तक कुछ समझ पाती, शिवान अचानक बाइक से उसके करीब पहुंच गया। उसने एक हाथ से पिस्टल निकाली और सिर पर बिल्कुल सटाकर गोली मार दी। दिनदहाड़े युवती की हत्या से गांव में हड़कंप मच गया।
![]() |
यह भावना की गोली मारकर हत्या करने वाला शिवान त्यागी है। |
एसपी सिटी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपी भागने न पाए इसके लिए गांव के रास्तों पर चेकिंग शुरू कर दी। जब आरोपी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला तो उसने नगीना थाने में जाकर सरेंडर कर दिया।
भावना के परिजनों ने बताया कि आरोपी शिवान और भावना एक साथ पढ़ाई करते थे। शिवान एकतरफा प्यार करता था। वह बार-बार शादी के लिए दबाव बना रहा था। भावना उसे मना कर चुकी थी। फिर भी वह दो महीने से भावना को परेशान कर रहा था।
![]() |
बेटी की लाश देखकर रोते-रोते मां बेसुध हो गई। |
आरोपी शिवान का घर गांव में भावना के घर के पास ही है। जबसे उसे पता चला कि भावना की शादी तय हो गई। वह लगातार उस पर शादी तोड़ने का दबाव बना रहा था। उसने कई बार उसे धमकी भी दी।
भावना के भाई दीपराज ने बताया- शिवान पहले भी बहन पर शादी के लिए दबाव बनाता था। ब्लैकमेल करता था, फोन करके धमकाता था। हमने थाने में कई बार शिकायत की। दो बार गांव में पंचायत ने दोनों पक्षों के बीच सुलह कराई थी।
पंचायत के सामने शिवान ने कहा था कि अब वह परेशान नहीं करेगा, लेकिन आज उसने बहन की हत्या कर दी। अगर पुलिस समय पर एक्शन लेती तो भावना की जिंदगी बच जाती। हम चाहते हैं उसे फांसी हो। भावना के पिता नगीना कोर्ट में एडवोकेट हैं।
![]() |
घटना की चश्मदीद छोटी बहन आकांक्षा ने कहा- शिवान दीदी को लगातार धमकाता था। |
घटना की चश्मदीद और मृतका की छोटी बहन आकांक्षा ने बताया- मैं, दीदी और पापा बाइक से जा रहे थे। मैं बीच में बैठी थी, पापा गाड़ी चला रहे थे और बहन पीछे थी। हम आपस में बातें कर रहे थे, तभी अचानक से शिवान आ गया।
पापा ने थोड़ा ब्रेक लगाया ही था कि उसने भावना दीदी के सिर में गोली मार दी। सब कुछ पलभर में खत्म हो गया। मैं चिल्लाई, लेकिन तब तक दीदी नीचे गिर चुकी थी। शिवान दीदी की शादी नहीं होने देना चाहता था। लगातार धमकाता था।
एसपी सिटी संजीव वाजपेई ने कहा- शिवान त्यागी हत्या का आरोपी है। वारदात के बाद उसने तमंचे के साथ थाने पहुंचकर जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह भावना के साथ पढ़ता था। भावना की शादी तय हो गई थी, इस वजह से हत्या कर दी।