गाजीपुर में दहेज हत्या में पूर्व विधायक सुभाष पासी का भतीजा गिरफ्तार, पूर्व ब्लॉक प्रमुख फरार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में नंदगंज पुलिस ने रविवार को पूर्व विधायक सुभाष पासी के भतीजे विनीत पासी को गिरफ्तार किया है। विनीत की पत्नी पूनम का शव शनिवार शाम उनके डिहिया गांव स्थित घर में पंखे से लटका मिला था।
मृतका के पिता जयराम पासी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया है कि दहेज में एक लाख रुपए और मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाता था। पूनम की शादी विनीत पासी से 2023 में हुई थी। दंपती का एक 11 माह का बेटा है।
पुलिस ने पूर्व विधायक सुभाष पासी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मोती पासी, मृतका के पति विनीत पासी और सुभाष पासी की पत्नी रीना पासी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नंदगंज थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता के अनुसार, सभी आरोपियों पर बीएनएस की धारा 80(2), 85 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3 व 4 के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने उप निरीक्षक श्याम सिंह के नेतृत्व में डिहिया में दबिश देकर विनीत को गिरफ्तार किया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।