पीटा गया दलित दूल्हा, दूल्हे राजा को घोड़ी से उतारकर पीटा, बारातियों का सिर फटा, दूल्हा पैदल पहुंचा मैरिज होम
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, आगरा. आगरा में दबंगों ने लाठी-डंडों और तलवार से बारात पर हमला कर दिया। आरोप है कि DJ बजाने पर बुधवार रात दलित दूल्हे की कॉलर पकड़कर घोड़ी से खींच लिया। इससे दूल्हा नीचे गिर गया। दबंगों ने उसकी पिटाई कर दी और गले से सोने की चेन छीन ली।
कुछ लोगों ने विरोध किया तो उनकी भी पिटाई की। 4 लोग घायल हुए हैं। इससे महिलाओं और बच्चों में दहशत फैल गई। बाराती बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे।
मौके पर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में भी उपद्रवी बारातियों की पिटाई करते रहे। दुल्हन पक्ष के लोगों ने बताया, हमला करने वाले ठाकुर बिरादरी के हैं। दुल्हन की मां की शिकायत पर 20 लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है।
ये मामला एत्मादपुर के रामी गढ़ी गांव का है, जहां 12 अप्रैल करणी सेना ने राणा सांगा की जयंती मनाई थी और समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन के खिलाफ प्रदर्शन किया था।
इस घटना पर पूर्व सीएम मायावती ने नाराजगी जताई। उन्होंने X पर लिखा-
आगरा में दलित समाज की बारात पर जातिवादी व सामंती तत्वों द्वारा हिंसा की ताज़ा घटना सहित यूपी के विभिन्न जिलों में भी गरीबों व दलितों आदि पर हो रही जुल्म-ज्यादती की बढ़ती घटनाएं अति-चिन्तनीय, जबकि बीएसपी के शासनकाल में सरकार हमेशा अन्याय के विरुद्ध इनके साथ खड़ी हुई दिखती थी।
अब विस्तार से पढ़िए...
गढ़ी रामी की रहने वाली अनीता की बेटी प्रियंका की बुधवार, 16 अप्रैल को शादी थी। बारात मथुरा के वृंदावन से आई थी। छलेसर के श्रीकृष्णा मैरिज होम में शादी समारोह था। रात करीब साढे़ 9 बजे बारात चढ़ रही थी।
लोग नाच रहे थे, तेज आवाज में डीजे बज रहा था। तभी सामने से आए कुछ लोगों ने तेज आवाज में डीजे बजाने से रोका। डीजे की आवाज कम करने को कहा। लेकिन, बारातियों ने आवाज कम करने से मना कर दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
दुल्हन की मां अनीता ने थाने में शिकायती पत्र दिया है। जिसमें उन्होंने लिखा- दूल्हा घोड़ी पर बैठा था। तभी गांव के क्षत्रिय समाज के करीब 15-20 लोग डंडे, तलवार और फरसा लेकर पहुंचे। उन्होंने आते ही मारपीट शुरू कर दी। कहा कि बारात घोड़ी पर चढ़कर नहीं जाएगी। घोड़ी पर दूल्हा नहीं बैठेगा। इसके बाद दूल्हे का कॉलर पकड़कर घोड़ी से नीचे गिरा दिया। उसके साथ मारपीट की।
गले से सोने की चेन भी तोड़ ली। इसके बाद जब अन्य बारातियों ने उसे बचाने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट की। हमले में कई बारातियों को चोट आई है। एक का सिर फट गया है। बारात पर हुए हमले से अफरा तफरी मच गई। बाराती डर के कारण भाग गए। बाराती बिना खाना खाए ही लौट गए। काफी देर गहमा-गहमी रहने के बाद दूल्हा पैदल ही मैरिज होम में पहुंचा।
इसके बाद दबंगों ने बारातियों को मैरिज होम में ही बंद कर दिया। 112 पर सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची। ACP एत्मादपुर पीयूष कांत राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डीजे की तेज आवाज को लेकर विवाद का है। घायलों का मेडिकल कराया गया है।
ACP एत्मादपुर पीयूष कांत राय ने बताया, अजीत तोमर, अमन तोमर, सौरभ तोमर, प्रदीप तोमर, प्रदीप, अंकित, संजय, सचिन और अजय सहित 20 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी और इंटरनेट पर वायरल वीडियो से सबूत जुटाए जा रहे हैं। जांच की जा रही है।
इधर, भीम आर्मी के कार्यकर्ता आरोपियों की गिरफ्तारियों की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो उग्र आंदोलन होगा।