प्रेमी संग दुल्हन फुर्र, तीन दिन पहले हुआ था विवाह, दूल्हे ने तोड़ा रिश्ता
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, सुल्तानपुर. उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक दुल्हन ने अपने मायके और ससुराल वालों बड़ा झटका दे दिया। यहां शादी हुई दुल्हन घर आई। दो दिन बाद वापस मायके पहुंची तो अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। विवाहिता के इस कदम से दो घरों की खुशियां गम में तब्दील हो गई।
आखिरकार पुलिस के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों की ओर से दिए गए सामानों की वापसी तो कर दी गई, लेकिन विवाहिता आने को राजी नहीं है। फिलहाल धम्मौर थाने की पुलिस पुरे मामले की जांच में जुटी है।
क्या है पूरा मामला?
सुल्तानपुर जिले के धम्मौर थाना क्षेत्र में एक नई दुल्हन ने अपने परिवार को बड़ा झटका दिया है। 16 अप्रैल को बंधुआ कला में हुई शादी में दुल्हन 19 अप्रैल को अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।
शादी के बाद 17 अप्रैल को दुल्हन की विदाई हुई और वह ससुराल पहुंची। 18 अप्रैल को परिवार ने धूमधाम से रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया। इस दौरान हजारों लोगों ने भोज में हिस्सा लिया। अगले दिन 19 अप्रैल को दुल्हन मायके गई और शाम को अचानक गायब हो गई।
परिवार ने काफी खोजबीन की। जब कहीं पता नहीं चला तो धम्मौर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने देर रात दुल्हन को उसके प्रेमी के साथ अमहट के पास से बरामद कर लिया।
थाना प्रभारी अंजू मिश्रा के अनुसार मामले की जांच जारी है। दोनों पक्षों के वकीलों की मौजूदगी में आपसी सहमति से शादी में दिए गए सामान की अदला-बदली कर ली गई है। दूल्हे ने दुल्हन को छोड़ने का फैसला कर लिया है।