Today Breaking News

सबीना बनी सुमन...सात फेरे लिए, बोली- मेरे पूर्वज हिंदू, धर्म वापसी कर ली

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, फर्रुखाबाद. फर्रुखाबाद में एक मुस्लिम युवती ने हिंदू युवक से शादी कर ली। दोनों की शादी पूरे रीति-रिवाज से मंदिर में हुई। युवती ने कहा कि मेरे पूर्वज हिंदू थे, इसलिए मैंने अपने धर्म में वापसी कर ली है। मामला फर्रुखाबाद से 20 किलोमीटर दूर अमृतपुर गांव का है।
युवती का नाम सबीना था। हिंदू बनने के बाद उसने अपना नाम सुमन रखा है। शादी किसान संगठन ने दोनों की शादी मंगलवार देर रात भारत दास बाबा मंदिर में करवाई। 7 दिन बाद युवती का शुद्धिकरण भी कराया जाएगा।

सुमन की 6 साल पहले बदायूं में एक मुस्लिम परिवार में शादी हुई थी। उसका पहला पति सद्दाम और विजय महाराष्ट्र में एक कंपनी में काम करते थे। सद्दाम अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। इससे सुमन (27) परेशान रहती थी। विजय और सद्दाम दोस्त थे। विजय (27) अक्सर सद्दाम के घर जाया करता था। इसी दौरान सुमन और विजय में नजदीकियां बढ़ गई।

लिव-इन में रह रहे थे विजय और सुमन
विजय और सुमन ने साथ रहने का फैसला लिया। सद्दाम को छोड़कर 8 महीने पहले सुमन महाराष्ट्र से फर्रुखाबाद विजय के घर रहने आ गई। दोनों तब से लिव-इन में रह रहे थे। परिवार और समाज का दबाव बढ़ने पर दोनों ने शादी कर ली। सुमन के पहले पति से 2 बच्चे भी हैं। जो इस समय अपने पिता के पास रह रहे हैं।

सुमन ने शादी करने के बाद बुधवार सुबह पुलिस को एक तहरीर भी दी है। युवती ने तहरीर में लिखा, मैंने अपने मन से हिंदू लड़के से शादी की है। मुझसे कोई जबरदस्ती नहीं की गई। मैं विजय से शादी करके बहुत खुश हूं। अपनी ननद, सास और पति के साथ ससुराल में रह रही हूं। अगर मुझे या फिर मेरे परिवार को कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी मेरे पुराने ससुराल वालों की होगी।

मामले में क्षेत्राधिकारी अमृतपुर अजय वर्मा ने बताया कि प्रार्थना पत्र संज्ञान में आया है। युवक युवती ने अपने मन से शादी की है। शादी हो जाने के बाद युवती ससुराल चली गई है। उसने अपने ससुराल वालों के खिलाफ एक तहरीर दी है। अगर भविष्य में कोई घटना ऐसी होती है तो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
 
 '