कलयुग का लुटेरा दूल्हा, 9 शादियां कीं, सबको ठगा, लाखों का लोन पास करवाकर फरार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, सोनभद्र. सोनभद्र में एक युवक ने फर्जी अफसर बनकर 9 महिलाओं से शादी की। इनमें से ज्यादातर सरकारी टीचर हैं। शुक्रवार को एक साथ 3 महिलाएं राबर्ट्सगंज थाने पर शिकायत लेकर पहुंचीं, तब मामला सामने आया। महिलाओं की आपबीती सुनकर पुलिस अफसर भी हैरान हो गए।
![]() |
आरोपी राजन को पुलिस ने अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है। |
तीनों महिलाओं ने बताया कि आरोपी युवक ने शादी करके उनके नाम से लोन पास करवा लिया। कुछ दिन साथ रहा, फिर पैसे लेकर भाग गया। मामला राबर्ट्सगंज तहसील के सहिजन गांव का है।
महिलाओं ने बताया कि उसने ने खुद को लखनऊ में आबकारी विभाग का अनुभाग समीक्षक बताकर उनसे शादी की थी। जबकि वह कोई काम नहीं करता। वहीं, पुलिस का कहना है कि तीन महिलाएं थाने आई थीं। दो ने सहिजन गांव निवासी राजन गहलोत (45) के खिलाफ झूठ बोलकर शादी करने का मामला दर्ज करवाया। मामले की जांच की जा रही है।
पहले जानिए पूरा मामला
सहिजन गांव में रहने वाले राजन गहलोत पर 9 महिलाओं से शादी करके धोखा देने का आरोप है। उसने साल 2014 में सरकारी अफसर बनकर अंबेडकरनगर की एक महिला से शादी की थी। उससे एक बेटा भी है। इसके बाद गोरखपुर की एक महिला से शादी की। फिर संतकबीर नगर की महिला टीचर से साल 2022 में शादी की। अब तक उसकी 3 पत्नियां सामने आई हैं, जबकि एक पत्नी गांव में साथ रह रही है।
अब पढ़िए महिलाओं ने जो कुछ बताया
संतकबीर नगर की सरकारी टीचर किरनबाला (40) ने शुक्रवार को राबर्ट्सगंज थाने में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया- मैं संतकबीर नगर की रहने वाली हूं। राजन मेरे पापा के दोस्त के जानने वाले थे। पापा के दोस्त के साथ मेरे घर आया करते थे।
![]() |
संतकबीर नगर की महिला टीचर ने की राजन के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। |
इसी बीच हम दोनों की जान-पहचान हो गई। राजन ने खुद को लखनऊ में आबकारी विभाग का अनुभाग समीक्षक बताया था। उसने कहा था कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। राजन ने पहले मेरे मम्मी-पापा को विश्वास में लिया। फिर मुझसे शादी का प्रस्ताव रखा। साल 2019 की बात है, घर में सबके सामने उन्होंने मुझसे शादी की इच्छा जाहिर की। लेकिन, मेरा तलाक न होने की वजह से तब हमारी शादी नहीं हो सकी।
किरनबाला ने बताया- साल 2022 में तलाक होने के बाद हम दोनों ने वाराणसी में शादी की। फिर कुछ दिन वहीं रुके। शादी होने के बाद मेरे ससुराल वाले और मेरे पति को मेरी नौकरी से दिक्कत थी। इस पर मैं ससुराल छोड़कर अपने मायके में रहकर नौकरी करने लगी। मेरे पास पहले हुई शादी से एक बेटा भी है।
![]() |
ये राजन की दूसरी पत्नी सरिता है, अंबेडकर नगर में रहती है। |
राजन ने खुद की नौकरी लखनऊ में होने की बात कही। इस वजह से मैं भी बेटे के साथ लखनऊ में शिफ्ट हो गई। उसने लखनऊ के एक स्कूल में बेटे का एडमिशन करवा दिया। मेरे बेटे के नाम के आगे अपना नाम लिखवा लिया।
हम लोग पहले किराए के मकान में रहते थे। कुछ दिन बाद राजन ने अपना घर लेने की बात कही। उसने मुझसे कहा कि यह हमारे बेटे के भविष्य के लिए भी अच्छा रहेगा। लेकिन, मेरी सैलरी पर बड़ा लोन नहीं मिल सकता था। तब उसने मुझसे कहा, वाराणसी में SBI बैंक में उसका एक परिचित काम करता है। वहां से सर्विस लोन पास करवा देगा। 40 लाख से ज्यादा का लोन उसने मेरे नाम से पास करवा दिया।
झूठ बोलकर राजन ललितपुर चला गया...
3 दिसंबर, 2023 में वो सारा पैसा ले लिया। उसके बाद 13 दिसंबर को वो घर आया और कहा कि मेरा ट्रांसफर ललितपुर हो गया है। अब मैं वहीं पर रहूंगा। उसके बाद से उसने मेरे पास आना छोड़ दिया। फोन पर भी बात नहीं करता। लोन की किस्त कटने की वजह से घर में दिक्कत होने लगी। राजन कुछ भी पैसा घर नहीं भेजता था।
साल 2024, अगस्त में परेशान होकर मैं ललितपुर उसके बताए पते पर पहुंची। वहां जाकर पता चला कि इस पते पर कोई राजन नाम का व्यक्ति काम नहीं करता है। फोन करने पर राजन उल्टी-सीधी बातें करने लगा। मैं लखनऊ आकर जानकीपुर पुलिस स्टेशन पहुंची। वहां पुलिस वालों के फोन करने पर वो बोला, मैं अभी प्रयागराज में हूं। अभी कहीं नौकरी नहीं करता हूं। कुछ दिन बाद घर आ जाऊंगा।
उसके बाद मैं रोज उसको फोन करती, उसे घर आने के लिए बोलती लेकिन वो नहीं आ रहा था। काफी दिन बाद इस साल जनवरी में वो घर आया। मैंने उससे कहा- इतना लोन करवा दिया, बच्चे की पढ़ाई कैसे होगी। आप ये गलत कर रहे हैं। जिसके बाद राजन ने मुझे धमकाया और दुबारा पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी दी।
उसके बाद से मैं लगातार राजन को समझाने की कोशिश कर रही थी। मुझे कहीं से उसकी और शादियों के बारे में भी जानकारी मिली थी। तब मुझे ठगी का एहसास हुआ। वो सोनभद्र का रहने वाला था लेकिन खुद को लखनऊ का बताता था।
आरोपी राजन की एक और पत्नी सरिता भी शिकायत लेकर थाने पहुंची। वह भी सरकारी टीचर है। सरिता ने बताया कि वह अंबेडकर नगर की रहने वाली है। उसकी शादी डॉट कॉम के जरिए राजन से उसकी पहचान हुई। राजन ने उससे 2014 में शादी की। शादी के 2 साल बाद मिलना बंद कर दिया। जब मुझे शक हुआ तो पता लगाती हुई यहां आई। मैं इसके पीछे पड़ गई, तब पता चला कि इसने 5-6 शादियां की हैं।
सबसे पैसे भी लिए हैं। किसी से गाड़ी के नाम पर, किसी से घर के नाम पर पैसे लूटता था। यहां सोनभद्र में ये अपने घर पर भी किसी महिला के साथ रह रहा है। सरकारी टीचरों को ये ज्यादा निशाना बनाता है। मैंने इस पर साल 2016 में केस दर्ज करवाया था। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मैं सोनभद्र में भी राजन के खिलाफ केस दर्ज करवाने आई हूं। वहीं राजन की तीसरी पत्नी ने कुछ भी बोलने से मना कर दिया है।
मामले की जांच कर एक्शन लिया जाएगा
सीओ सिटी कालू सिंह ने बताया, महिला किरन ने थाना राबर्ट्सगंज में लिखित सूचना दी कि साल 2019 में उनकी बात राजन से फोन पर हुई थी। उसी समय राजन ने खुद को आबकारी विभाग में अधिकारी बताया। साल 2022 में किरन और राजन ने बनारस में शादी कर ली।
राजन महिला के साथ साल 2024 तक रहा है। उसी समय राजन ने 42 लाख का लोन लेने के नाम पर पैसे हड़प लिए। महिला का एक 10 साल का बेटा भी है। इसने उसके नाम के आगे अपना नाम लिखवा लिया है। पूछताछ में पता चला कि सरिता, जो अंबेडकर नगर की रहने वाली है और टीचर है। उससे भी आरोपी ने साल 2014 में शादी कर ली। उससे भी एक बच्चा है।
साल 2016 में सरिता ने आरोपी राजन पर अंबेडकर नगर में महिला थाने पर केस दर्ज करवाया था, जो विचारधीन है। पूछताछ में पता चला, आरोपी राजन अभी किसी नीलमा नाम की महिला के साथ रह रहा है। उसके कई महिलाओं से संबंध रह चुके हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। केस दर्ज है, कार्रवाई की जा रही है।