सिर्फ सुहेलदेव जैसे देशभक्तों की जयंती मनाएंगे; अरविंद राजभर बोले- लुटेरों का सम्मान नहीं
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, मऊ. मऊ में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रांताओं के नाम पर किसी भी मेले या आयोजन का समर्थन नहीं किया जाएगा।
राजभर ने कहा कि विदेशी लुटेरों ने भारत की 585 रियासतों पर आक्रमण किया। उन्होंने भारत की संस्कृति और सनातन परंपरा को नष्ट करने का प्रयास किया। महिलाओं पर अत्याचार किए और सोमनाथ जैसे पवित्र मंदिरों को तोड़ा।
पूर्व मंत्री ने घोषणा की कि 10 जून को महाराजा सुहेलदेव राजभर की जयंती पर भव्य मेले का आयोजन होगा। उन्होंने सुहेलदेव को चक्रवर्ती सम्राट और राष्ट्रवीर बताया। कहा कि उन्होंने बहराइच के मैदान में विदेशी आक्रांताओं को हराकर भारत की संस्कृति की रक्षा की।
राजभर ने सुझाव दिया कि मेले पृथ्वीराज चौहान, गुहराज निषाद, दामोदर चापेकर और अशफाक उल्ला खान जैसे देशभक्तों के नाम पर आयोजित किए जाएं। सुभासपा ने इस मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार को समर्थन देने की घोषणा की है।
पार्टी ने सरकार से विदेशी आक्रांताओं के नाम पर होने वाले आयोजनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। 10 जून को पूरे राज्य में सुहेलदेव जयंती पर मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सुभासपा ने स्पष्ट किया है कि वह ऐतिहासिक नायकों को उचित सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।