पूर्वांचल में 4 डिग्री लुढ़का पारा, इन जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर/वाराणसी. यूपी के मौसम में उलटफेर जारी है। वाराणसी में लगातार दूसरे दिन बारिश हुई। सुबह से तेज हवाएं चल रही हैं। पूर्वांचल के 10 जिलों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने आज 29 जिलों में बारिश अलर्ट जारी किया है। बिजली भी गिर सकती है।
![]() |
प्रयागराज में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। अभी बादल छाए हुए हैं। |
गुरुवार की बात करें तो वाराणसी, प्रयागराज और जौनपुर समेत 8 शहरों में जोरदार बारिश हुई थी। भदोही में बारिश के साथ ओले भी गिरे। गाजीपुर में बिजली गिरने से एक परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई थी।
BHU के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने कहा- पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और ठंडी हवाओं के चलते मौसम में बदलाव आया है। गुरुवार को हुई बारिश से तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आई है। अगले 2 दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा।
बांदा सबसे गर्म शहर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बहराइच सबसे ठंडा शहर रहा। यहां का न्यूनतम 12.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आज प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम 17°C रह सकता है।
अगले 3 दिन का मौसम कैसा रहेगा
22 मार्च : गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी। 30Km प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
23 मार्च : गरज-चमक के साथ तेज बारिश होगी। 40Km प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
24 मार्च : मौसम शुष्क रहेगा। 20Km प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।