Today Breaking News

उत्तर प्रदेश के इन जिलों में ओले गिरे, 31 शहरों में बारिश का अलर्ट, 7 जख्मी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मौसम में उलटफेर का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 31 शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30-40 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी। इससे पहले, शुक्रवार देर रात पश्चिमी यूपी के कई शहरों में तेज बारिश हुई और हवाएं चलीं।
ग्रेटर नोएडा में बारिश के साथ ओले गिरे।
बिजनौर जिले के चांदपुर में देर रात करीब 10 मिनट तक ओले गिरे। मुजफ्फरनगर में भी देर रात बारिश और ओले गिरे। मथुरा में 30 मिनट तक आंधी और बारिश हुई। इसके चलते होली मनाने आए लाखों पर्यटक परेशान हुए।

गाजियाबाद और नोएडा में भी हल्की बारिश हुई। हाथरस में इतनी तेज आंधी और बारिश हुई कि एक दीवार गिर गई। हादसे में 7 लोग घायल हो गए। आंधी और बारिश के चलते कई घंटों तक शहर में बिजली नहीं आई।

गुरुवार रात को भी पश्चिमी यूपी के कई शहरों में ओले भी गिरे थे। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 2 दिनों तक प्रदेश का मौसम ऐसा ही रहेगा।

16 मार्च - पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
17 मार्च - पूर्वांचल के शहरों में हल्की बारिश होगी। तेज हवाओं के साथ बिजली भी गिर सकती है।
18 मार्च - मौसम साफ रहेगा। हालांकि, तेज हवाएं चलेंगी।

लखनऊ के मौसम विशेषज्ञ अतुल सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से मौसम बदला है। हालांकि, इससे तापमान में कोई खास और लंबे समय तक असर नहीं रहेगा। मार्च के अंतिम सप्ताह में तापमान 40°C के पार जा सकता है। पूर्वांचल के कुछ जिलों में हीट वेव भी सक्रिय होने की आशंका है।
मथुरा में तेज हवाओं के साथ शुक्रवार शाम को बारिश हुई। अचानक मौसम बदलने से होली मनाए आए लाखों पर्यटक परेशान हुए।

वहीं, बनारस हिंदू यनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया-यूपी में अभी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इस कारण कुछ जिलों में सुबह या शाम के वक्त 1-2 दिन बारिश हो सकती है। हालांकि, इससे तापमान पर ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा और गर्मी रहेगी।

इस बार सर्दियों के सीजन में बारिश की मात्रा 80% कम रही। इससे हवा में नमी नहीं है। बार-बार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से पहाड़ों से आने वाली नम हवाएं भी कम चली। इस वजह से मार्च से लेकर मई के बीच जमकर गर्मी पड़ सकती है।

हाथरस में शुक्रवार रात तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इसके चलते आधे शहर की बिजली गुल हो गई। मेंडू कस्बा में बारिश की वजह से खेत के किनारे एक दीवार गिर गई। दीवार के नीचे दबकर मनोज, विजय, प्रकाश, नीरज, सुरेंद्र, लक्ष्मण समेत 7 लोग घायल हो गए। घायलों को दीवार के मलबे से निकला गया। सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। इनमें एक घायल को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया।
 
 '