Today Breaking News

गाजीपुर में पुलिस कर्मी की पत्नी की संदिग्ध मौत, पिता ने कहा- बेटी के शरीर पर मिले चोट के निशान

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सोनभद्र की चुर्क कोतवाली में तैनात मुख्य आरक्षी अरविंद यादव की पत्नी सुनीता यादव (30) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना गाजीपुर के सैदपुर थाना क्षेत्र के रईसपुर गांव की है।
मृतका के पिता वीरेंद्र यादव ने अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि सुनीता की यह दूसरी शादी थी। पहले पत्नी की मौत के बाद 4 साल पहले अरविंद से शादी हुई थी। अरविंद की भी यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली पत्नी की दो बच्चों को जन्म देने के बाद मौत हो गई थी।

वीरेंद्र के मुताबिक, शादी के बाद से ही अरविंद की पहली पत्नी के दो बच्चों और सुनीता की पहली शादी से हुई बेटी को लेकर विवाद होता था। इस कारण सुनीता की 8 वर्षीय बेटी को उन्होंने अपने पास रख लिया था। कुछ महीनों से सुनीता पति के साथ सोनभद्र में रह रही थी। होली पर वह अपने घर रईसपुर आई थी।
रविवार शाम को वीरेंद्र को फोन आया। जब वह घर पहुंचे तो पुलिस सुनीता का शव ले जा रही थी। वीरेंद्र अनुसार बेटी के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सैदपुर थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक विवाहिता के पिता की तहरीर पर उसके पति सहित कुछ अन्य ससुराली जनों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लग पाएगा। पुलिस की जांच जारी है।
 
 '