UP Weather Update Today: इन जिलों में आज बारिश का अलर्ट, बिजली भी गिरेगी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पूर्वी यूपी में आज 10 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट है। सोनभद्र में रात में तेज हवाओं के साथ करीब 10 मिनट तक लगातार ओले गिरे। घंटेभर बारिश हुई। पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के कारण तेज हवाओं के साथ पूर्वी यूपी में बारिश का मौसम बना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
यूपी में कानपुर रहा सबसे गर्म
शुक्रवार शाम जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में यूपी में कानपुर सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे ठंडा बिजनौर का नजीबाबाद रहा, जिसका न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आज इन 10 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वांचल यूपी के 10 जिलों आज बारिश हो सकती है। इनमें प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया जिले हैं।
BHU के मौसम विज्ञानी प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया- अगले 24 घंटे में यूपी के अलग-अलग जिलों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जाएगी। इसके बाद धीरे-धीरे फिर तापमान में उछाल आएगा।
वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। उत्तर प्रदेश में सक्रिय हुए एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से बंगाल की खाड़ी से चली नमी युक्त पुरवाई फिर से मौसम में बदलाव ला रही है.
योगी के निर्देश- अफसर रखें हालात पर नजर
बारिश और ओले गिरने से फसलों को नुकसान पहुंचा है। सीएम योगी ने इस पर संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को पूरी तत्परता से राहत काम चलाने के निर्देश दिए हैं। फसलों के नुकसान का आकलन कर शासन को रिपोर्ट देने की बात कही है, जिससे समय पर मुआवजा दिया जा सके।
3 दिन का मौसम कैसा रहेगा
22 मार्च : गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। 40Km प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
23 मार्च : ग्रीन अलर्ट जारी किया गया है। मौसम साफ रहेगा। 20Km प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
23 मार्च : मौसम साफ रहेगा। 20Km प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
शुक्रवार को मौसम कैसा था, जानिए
पूर्वी यूपी के सोनभद्र में बारिश के साथ ओले गिरे, वाराणसी में भी बारिश हुई। देवरिया, मऊ, बलिया, गाजीपुर, भदोही, चंदौली, प्रयागराज, मिर्जापुर में भी बादल छाए, ठंडी हवा चली।
मार्च के आखिर तक तापमान 40 से ऊपर जाएगा
मार्च की शुरुआत में ही मौसम विभाग ने चेतावनी जारी कर बता दिया कि इस बार सबसे ज्यादा गर्मी पड़ने वाली है। पूरा मार्च महीना भी पिछले सालों की अपेक्षा गर्म रहने वाला है। जैसे-जैसे दिन गुजर रहे हैं, मौसम विभाग की यह चेतावनी सही साबित हो रही है।
मौसम विभाग ने यह भी अनुमान लगाया था कि मार्च के आखिर तक कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश भी शामिल है। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक मार्च महीने में राज्य में औसत अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहना चाहिए।
जून में 49 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाएगा तापमान
मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह बताते हैं- मई-जून में उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में अधिकतम तापमान 49 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। वहीं, मार्च के आखिर तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला जाएगा। अप्रैल में यह बढ़कर 45 डिग्री सेल्सियस के पार जाने का अनुमान है।
इस बीच मार्च से ही हीट वेव चलने का भी अनुमान है। यह मार्च से लेकर मई तक एक महीने में 8 से 10 दिन हो सकता है।