Today Breaking News

UP Weather Update Today: 31 जिलों में गरज-चमक के साथ आज होगी बारिश, 7 शहरों में ओले गिरेंगे

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. यूपी में आज गरज-चमक के साथ 31 जिलों में बारिश का अलर्ट है। यहां बिजली भी गिर सकती है। वेस्ट यूपी के 7 जिलों में ओले गिर सकते हैं। यूपी में औसत अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है।
अगले 24 घंटे तक कई जिलों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान में अगले 5 दिनों में कोई बदलाव नहीं होगा।

शनिवार शाम पिछले 24 घंटे की जारी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रयागराज सबसे गर्म जिला रहा। यहां पर अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ये सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। यानी अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, कुशीनगर सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इन 31 जिलों में बारिश-बिजली का अलर्ट
श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं में बारिश का अलर्ट है। यहां तेज हवा और गरज-चमक के साथ बिजली भी गिर सकती है।

मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल सिंह ने बताया- 24 घंटे तक अधिकतम तापमान में 2 से लेकर 3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जाएगी। वहीं, न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। जहां बारिश का अलर्ट है, वहां 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी। अभी पश्चिमी विक्षोभ 24 घंटे और एक्टिव रहेगा।

शुक्रवार रात ओले गिरे और बारिश हुई थी
शुक्रवार रात वेस्ट यूपी में मौसम बदला था। बिजनौर के चांदपुर में करीब 10 मिनट तक ओले गिरे थे। मुजफ्फरनगर में भी बारिश और ओले गिरे। मथुरा में 30 मिनट तक आंधी और बारिश हुई। इसके चलते होली मनाने आए लाखों पर्यटक परेशान हुए। गाजियाबाद और नोएडा में भी हल्की बारिश हुई। हाथरस में इतनी तेज आंधी और बारिश हुई कि एक दीवार गिर गई। हादसे में 7 लोग घायल हो गए।

कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि नवंबर से लेकर मार्च-अप्रैल तक होने वाली गेहूं की फसल में ये असमय बारिश नुकसानदायक है। इस समय गेहूं की बाली में दाना पड़ चुका है। ये दानों के पकने का सीजन है। बारिश, ओले और आंधी से गेहूं की फसल गिर जाएगी। इससे दाना मजबूत नहीं होगा। गेहूं की पैदावार पर असर पड़ेगा। गेहूं का दाना काला पड़ जाएगा और हल्का हो जाएगा।

आगे बिजली से बचाव के टिप्स और बदलते मौसम में सेहत का ख्याल कैसे रखें… एक-एक कर बताते हैं-

बिजली गिरती क्यों है?
बादलों में पानी के छोटे-छोटे कण मौजूद होते हैं। जब हवा और इन कणों के बीच फ्रेक्शन होता है तो ये इलेक्ट्रिकल चार्ज हो जाते हैं। जो कुछ बादलों पर पॉजिटिव चार्ज होते हैं तो कुछ पर निगेटिव।

जब निगेटिव और पॉजिटिव दोनों बादल एक दूसरे से टकराते हैं तो बिजली उत्पन्न होती है। वैसे तो ये बिजली बादलों में ही टकराती रहती है लेकिन कई बार यह इतनी अधिक होती है कि धरती तक पहुंच जाती है।
 
 '