Today Breaking News

योगी सरकार का निर्देश न मानना पड़ेगा भारी, इन राज्य कर्मचारियों को मार्च में नहीं मिलेगी सैलरी!

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. संपत्ति का ब्योरा न देना राज्य कर्मचारियों के गले की फांस बनेगा। ऐसे कर्मचारियों को मार्च में वेतन नहीं मिल सकेगा। सहारनपुर जिले में 12 हजार से अधिक राज्य कर्मचारियों को कोषागार के माध्यम से वेतन मिलता है। मानव संपदा पोर्टल पर कोषागार से वेतन पाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को संपत्ति का ब्योरा अपलोड करने के निर्देश हैं।
प्रदेश शासन द्वारा मानव संपदा पोर्टल पर कर्मचारियों को अपनी चल-अचल संपत्ति का विवरण पहले 31 दिसंबर-2024 और इसके बाद 15 फरवरी-2025 तक अपलोड करने के निर्देश दिए थे, लेकिन कर्मचारियों द्वारा इसे गंभीरता से नहीं लिया गया और इस तिथि को बढ़ाकर 28 फरवरी तक किया गया। अब प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मियों को संपत्ति का विवरण दर्ज करने के लिए 10 मार्च तक का समय प्रदान कर दिया है।
मानव संपदा पोर्टल पर संपत्ति का विवरण दर्ज करने की अंतिम तिथि 28 फरवरी शुक्रवार को समाप्त हो रही थी। इसे गुरुवार को ही बढ़ा दिया गया। प्रदेश के अब तक 7,08,588 कर्मियों यानी 85 प्रतिशत ने संपत्तियों की जानकारी आनलाइन दे दी है। कार्मिक विभाग के विशेष सचिव कुलदीप रस्तोगी ने गुरुवार को इसका शासनादेश जारी कर दिया है। सभी विभागों को भेजे गए आदेश में कहा गया है कि तय समय में संपत्तियों का ब्योरा देने वालों को ही मार्च का वेतन अप्रैल 2025 में दिया जाएगा। विवरण न देने वालों का वेतन रोक दिया जाएगा।
12 हजार से अधिक कर्मचारी पाते हैं कोषागार से वेतन
सहारनपुर कोषागार से विभिन्न राजकीय विभागों के 12 हजार से अधिक कर्मचारी वेतन पाते हैं। जनवरी तक 70 प्रतिशत से अधिक कर्मचारियों द्वारा संपत्ति का ब्योरा पोर्टल पर अपलोड कराया था। फरवरी के वेतन बिल कोषागार में आने की प्रक्रिया अभी चल रही है।
विभाग के मुताबिक, चार-पांच विभागों द्वारा वेतन बिल प्रस्तुत किए गए है। अमूमन वेतन बिल हर माह की 25 तारीख से आने शुरू हो जाते थे। फरवरी में वेतन से आयकर कटने और संपत्ति का ब्योरा देने की अनिवार्यता के कारण कोषागार में वेतन बिल आने की गति धीमी है। जिले में सरकारी विभागों के 82 आहरण वितरण अधिकारी है और इन सभी के यहां से वेतन बिल आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संबंधित विभागों द्वारा अपने कितने कर्मचारियों को वेतन बनाकर भेजा है।
ब्‍योरा देने वाले कर्मचार‍ियों को ही म‍िलेगा वेतन
मुख्य कोषाधिकारी सूरज कुमार ने बताया कि मंडलायुक्त के आदेश के अनुसार 28 फरवरी तक संपत्ति का ब्‍योरा पोर्टल पर अपलोड करने वाले कर्मचारियों को ही मार्च में वेतन मिलेगा।
 
 '