गाजीपुर में जमीनी विवाद में भिड़े दो पक्ष, जमकर मारपीट, 8 लोगों पर FIR दर्ज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नसरुदीनपुर में विवादित भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना की जानकारी पीआरवी 5633 के कर्मचारियों से उप निरीक्षक मनोज कुमार गिरी को मिली।
एक पक्ष में रवि सिंह, रंजेश सिंह, राजू सिंह और अनुप सिंह शामिल हैं। दूसरे पक्ष में देवभूषण सिंह, शशिभूषण सिंह, राकेश सिंह और बृजेश सिंह हैं। पुलिस के अनुसार, इन दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है। इससे पहले पुलिस ने धारा 126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की थी। लेकिन दोनों पक्ष विवाद करने से नहीं चूक रहे थे।
इस बार फिर विवादित भूमि पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों में गाली-गलौज के साथ मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी भी दी। झड़प में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए, जिन्हें सीएचसी कासिमाबाद में इलाज के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष लगातार एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।