Today Breaking News

मंत्री संजय निषाद बोले- जिन्हें रंग से परहेज, वे देश छोड़कर चले जाएं

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने कहा- जिन्हें रंगों से परहेज है, वे घर में भी क्यों रहें, वे देश छोड़कर चले जाएं।
उन्होंने कहा- जो लोग कहते हैं कि रंगों से धर्म भ्रष्ट होता है तो वे रंग-बिरंगे कपड़े कैसे पहन सकते हैं। रंगों का कारोबार कैसे कर सकते हैं। रंगों का सबसे अधिक कारोबार वे ही करते हैं।

डॉ. संजय निषाद ने गोरखपुर में बुधवार शाम पादरी बाजार स्थित आवास पर होली मिलन कार्यक्रम के दौरान ये बातें कहीं। उनका इशारा मुस्लिम समुदाय की तरफ था।

उन्होंने कहा- जो जुमा पढ़ते हैं, वो भी गले मिलते हैं। होली मनाने वाले भी गले मिलते हैं। दोनों गले मिलने के त्योहार है, लेकिन कुछ नेता नहीं चाहते कि लोग गले मिलें। वे जहर घोलने का प्रयास करते हैं। यह उनके लिए संदेश है।

संजय निषाद ने कहा- जिस विशेष वर्ग की बात कही जा रही है, उन्हें रंगों से कोई दिक्कत नहीं है। सबसे अधिक इस्तेमाल तो वही करते हैं। कपड़ा रंगते हैं, घर रंगते हैं और रंग-बिरंगे कपड़े पहनते हैं। वे रंगों से कभी परहेज करते ही नहीं।

ये तो नेता हैं, जो जहर घोलते हैं। हम चाहते हैं कि वे भी खुशी-खुशी अपना त्योहार मनाएं। विपक्ष उनकी गरीबी बढ़ाता है। उनकी गरीबी में उन्हें मकान, अनाज और फ्री इलाज हम देते हैं। वे भी देश के नागरिक हैं।

अखिलेश यादव के घर मिठाई भेजी, लेकिन वह विदेश में...
संजय निषाद ने कहा- मैं अखिलेश यादव को भी होली की बधाई देता हूं। उनके घर मिठाई भेजी है। अखिलेश विदेश में हैं तो वहीं होली मनाएं। विदेश में भी होली मनाई जाती है। विपक्ष हमारा मार्गदर्शन करता है। हम उन्हें मार्गदर्शक के रूप में मानते हैं। वे जो कमियां बताते हैं, हम उसका सुधार करते हैं। जितने पक्ष-विपक्ष के लोग हैं, सबके घर मिठाई भेजी है।
 
 '