10वीं के छात्र को मारकर कुएं में फेंका, NDRF ने शव बाहर निकाला, मां बार-बार बेहोश हो रही
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी में 10वीं के छात्र की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। उसका शव गांव के एक कुएं में मिला। सिर पर चोट के गहरे निशान थे। शव फूल गया था।
![]() |
रोती बिलखती छात्र की मां मीरा देवी। गांव की महिलाओं ने उन्हें ढांढस बंधाया। |
दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने कुएं के भीतर झांका तो लाश उतराती दिखी। पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को बाहर निकालने में जुट गए। लेकिन, कुएं में जहरीली गैस के चलते सफलता नहीं मिली। एनडीआरएफ को बुलाया गया। तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका।
घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। शव देखकर मां बार-बार बेहोश हो जा रही थी। वह बार-बार कह रही थीं कि आखिर मेरे इकलौते बेटे का क्या कसूर था, जो उसे मार दिया। परिजनों ने एक दिन पहले यानी 28 फरवरी को छात्र के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया। लोगों में आक्रोश है।
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के अमिनी गांव निवासी मुकेश प्रजापति खेती कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। उनका बेटा शनि कुमार सरस्वती ज्ञान मंदिर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था।
![]() |
मृतक छात्र |
22 फरवरी से उसकी बोर्ड परीक्षाएं शुरू हुई थीं और वह परीक्षा की तैयारी में जुटा था। 27 फरवरी की सुबह घर से टहलने निकला और फिर देर तक नहीं लौटा।
शाम तक जब शनि घर नहीं आया तो परिजनों ने तलाश शुरू की। दोस्तों, पड़ोसी और रिश्तेदारों समेत आसपास खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। देर रात परिजन मिर्जामुराद थाने पहुंचे और बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने छानबीन के बाद अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
शनिवार को गांव के कुएं से तेज बदबू आने पर ग्रामीणों ने अंदर झांककर देखा तो पानी में एक शव उतरा रहा था। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव बाहर निकालने में जुट गए। कुएं की गहराई अधिक थी। इसलिए कोई पुलिसकर्मी अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।
SDRF और NDRF को बुलाया गया। इंस्पेक्टर रेखा कुमारी के नेतृत्व में NDRF की 30 सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
![]() |
परिजनों और गांव के लोगों ने जताई हत्या की आशंका। |
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए। इसके अलावा, डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया, ताकि मामले की जांच में कोई अहम सुराग मिल सके। शव मिलने की सूचना के बाद हालात को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन सतर्क हो गया।
शव निकलने के बाद ग्रामीणों ने आक्रोश जताया और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
मौके पर एसीपी राजातालाब, राजातालाब थाने की पुलिस फोर्स, पीएसी और मिर्जामुराद पुलिस मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी और मामले की जांच जारी है।
शनि की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां मीरा अपने इकलौते बेटे को खोकर बदहवास हो गईं। ग्रामीणों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन वह बार-बार बेहोश हो रही थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। इकलौते बेटे को खोने के गम में परिवार पूरी तरह टूट चुका है।