Today Breaking News

पत्नी को फंदे से लटकता देख पति ने लगाई फांसी, 10 मिनट में दोनों ने जान दी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, कुशीनगर/गोरखपुर. कुशीनगर में महज 10 मिनट के अंतराल पर नव दंपती ने सुसाइड कर लिया। पहले पत्नी ने कमरे में जाकर फंदे से लटककर जान दी। जब पति ने उसको फंदे से झूलते देखा, तो खुद भी दूसरे कमरे में जाकर फांसी लगा ली। दोनों की 4 महीने पहले ही शादी हुई थी।
घटना के समय परिजन घर पर मौजूद नहीं थे। जब वे लोग खेत से घर पहुंचे तो अजीत गौतम (35) और उसकी पत्नी संगीता गौतम (22) के शवों को अलग-अलग कमरों में लटकता पाया। घटना नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र की है।

पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घर वालों ने बताया कि दोनों के बीच पिछले कई दिनों से मनमुटाव चल रहा था। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों के बीच बहस हुई थी।

अब विस्तार से जानते हैं पूरा मामला...
मोतीछपरा गांव में अजीत गौतम रहता था। 4 महीने पहले उसकी शादी संगीता से हुई थी। संगीता महराजगंज के कोठीभार थाना क्षेत्र के बेलवा चौधरी गांव की रहने वाली थी। दोनों की अरेंज मैरिज थी। अजीत मजदूरी करता था।
मां उर्मिला ने बताया- अजीत और संगीता की 4 महीने पहले ही शादी हुई थी।
मां उर्मिला देवी ने बताया कि शनिवार सुबह वे पति चंद्रकिशोर प्रसाद के साथ खेत पर गई थीं। घर पर सिर्फ अजीत और संगीता मौजूद थे। दोपहर करीब 12 बजे दोनों के मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों अलग-अलग कमरे में चले गए। दोनों ने खाना भी नहीं खाया।

दोपहर करीब 2 बजे जब अजीत खाना मांगने के लिए संगीता के कमरे में गया, तो उसके शव को फंदे से लटकता पाया। इसके बाद वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। इससे पहले कि गांव वाले मेरे घर आ पता, अजीत ने भी दूसरे कमरे में जाकर फांसी लगा ली।
पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
उर्मिला देवी ने बताया कि अजीत की चीख-पुकार के बाद जब आस-पड़ोस के लोग घर पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद उन लोगों ने मुझे पूरी बात बताई। फिर हम लोग आनन-फानन में खेत से घर पहुंचे। पहले कमरे में संगीता के शव को फंदे से लटकता देखा। दूसरे कमरे में गए, तो दरवाजा बंद था। दरवाजा तोड़ा तो अजीत का शव भी लटकता हुआ पाया। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। दोनों के बीच शादी के कुछ दिनों के बाद से ही झगड़ा शुरू हो गया था।

नेबुआ नौरंगिया थाना प्रभारी रामसहाय चौहान ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 
 '