गाजीपुर में खाद्य विभाग की कार्रवाई...मिलावटी खोया, बेसन, और गुड़ के लिए नमूने
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में होली त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी सामान पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा और जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
अभियान में विभाग ने कुल 12 नमूने एकत्र किए हैं। मुबारकपुर के अजीमुल्लाह किराना स्टोर से कचरी रंगीन और बेसन के नमूने लिए गए। बीके फूड्स इंडस्ट्रीज से खोया और मलाई के नमूने संग्रहित किए गए। कोइरी शादियाबाद में संजय गुप्ता और रायपुर बहरियाबाद में मुन्ना प्रजापति के यहां से खोया के नमूने लिए गए।
घुरन बाजार स्थित परी एंटरप्राइजेज से रेड चिली सॉस, ग्रीन चिली पिकल्स और विनेगर के नमूने लिए गए। बरसरा के आर्यन किराना स्टोर से पापड़ का नमूना लिया गया। पावर क्रॉप्स होल्डिंग से गुड़ क्यूब और गुड़ पाउडर के नमूने संग्रहित किए गए।
सभी नमूने जांच के लिए उत्तर प्रदेश की खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम-2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन कुमार मिश्र और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्त के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान डॉ. तूलिका शर्मा, राजीव कुमार सिंह, विरेंद्र यादव, पंकज कुमार कन्नौजिया और अरविंद प्रजापति की टीम मौजूद रही।