Today Breaking News

गाजीपुर के सैदपुर में हिंसा के बाद 34 लोगों पर FIR दर्ज, एक गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हुई हिंसा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गंगासागर मेमोरियल कंस्ट्रक्शन कंपनी की शिकायत पर 9 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी बृजेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना बीते रविवार की है, जब सैदपुर-मऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कनेरी गांव के पास कंस्ट्रक्शन कंपनी के डंपर की चपेट में आने से 14 वर्षीय अभय सिंह की मौत हो गई। अभय अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने साढ़े चार घंटे तक राजमार्ग जाम कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवियों ने कंस्ट्रक्शन कंपनी के कई वाहनों में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। आग को बुझाने के लिए दमकल को बुलाना पड़ा। कंपनी के प्रबंधक जय हिंद यादव ने बुधवार को सैदपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।

कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद अज्ञात उपद्रवियों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि सैदपुर सादात से मऊ तक का यह मार्ग तीन साल पहले राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित हुआ था। गंगासागर मेमोरियल कंस्ट्रक्शन कंपनी पिछले कुछ महीनों से इस सड़क का निर्माण कार्य कर रही है।
 
 '