Today Breaking News

उत्तर प्रदेश पुलिस में 26,596 पदों पर होगी भर्ती

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बड़ी पुलिस भर्ती निकलने वाली है। इस बार कुल 26,596 पदों पर भर्ती होगी। इनमें सब-इंस्पेक्टर के 4543, जेल वार्डन के 2833 और सिपाही के 19220 पद होंगे।
यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को भर्ती का प्रस्ताव मिल गया है। बोर्ड की वेबसाइट पर अप्रैल के पहले सप्ताह में विज्ञापन जारी कर आवेदन मांगे जाएंगे। इससे पहले 60 हजार 244 पदों पर भर्ती हुई थी।

बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक ने बताया- पुलिस महानिदेशक से बोर्ड को उप-निरीक्षक के 4543 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव मिला है। इसमें उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस महिला/ पुरुष के 4242, (पीएसी) बदायूं, गोरखपुर, लखनऊ के 106 पद, प्लाटून कमांडर के 135 पद और उपनिरीक्षक प्लाटून कमांडर विशेष सुरक्षा बल के 60 पद हैं।

उन्होंने बताया कि बोर्ड को पुलिस महानिदेशक से आरक्षी स्तर के 19,220 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव मिला है। इसमें आरक्षी पीएसी के 9837, आरक्षी विशेष सुरक्षा बल के 1341 पद, आरक्षी पीएसी महिला बदायूं, गोरखपुर, लखनऊ महिला बटालियन के 2282 पद, आरक्षी नागरिक सुरक्षा 3245 पद, आरक्षी पीएसी सशस्त्र पुलिस 2444 पद, आरक्षी घुड़सवार पुलिस के 71 पद शामिल हैं।

सीएम योगी ने विधानसभा में किया था ऐलान
विधानसभा के बजट सत्र के दौरान 25 फरवरी को सीएम योगी ने ऐलान किया था कि प्रदेश में जल्द ही 30 हजार पुलिस भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा था कि प्रदेश में 60 लाख से ज्यादा नौजवानों को नौकरी दी जा चुकी है। पुलिस विभाग में साल 2017 से अब तक 1 लाख 56 हजार पदों पर भर्ती की गई है। मिशन शक्ति के तहत पुलिस भर्ती में 20 फीसदी आरक्षण की सुविधा महिलाओं को दी गई है।

13 मार्च को जारी हुआ था 60 हजार 244 भर्तियों का फाइनल रिजल्ट
यूपी सरकार ने 13 मार्च को 60 हजार 244 सिपाही भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी किया था। इसके लिए 48 लाख अभ्यर्थियों ने एग्जाम दिया था। इनमें 12 हजार 48 महिलाओं और 48 हजार 196 पुरुषों ने परीक्षा पास की थी। सिपाही भर्ती के लिए अगस्त, 2024 में लिखित परीक्षा करवाई गई थी।

चौंकाने वाली बात यह कि EWS में लड़कों का कटऑफ OBC से नीचे आ गया था। EWS में लड़कों का कटऑफ 209 और लड़कियों का 193 रहा। जबकि OBC में लड़कों का 216 और लड़कियों का 200 गया।

लिखित परीक्षा में पास हुए थे 3 गुना अभ्यर्थी
1 लाख 74 हजार 316 अभ्यर्थियों को फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया गया था। यानी पदों से 3 गुना अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में पास हुए थे। पुलिस भर्ती प्रक्रिया के लिए अक्टूबर, 2023 में विज्ञापन निकाला गया था।

इसके बाद लिखित परीक्षा 23, 24, 25, 30, 31 अगस्त, 2024 को कुल 10 पालियों में हुई थी। परीक्षा में 150 सवाल पूछे गए थे। हर सवाल के 2 नंबर तय थे। यानी कुल 300 नंबरों की परीक्षा हुई थी। माइनस मार्किंग भी थी। हर गलत सवाल पर 0.25 नंबर काटे गए थे।
 
 '