बंगाल की खाड़ी से उठी हवा से बदलेगा पूर्वांचल का मौसम, 7 जिलों में बारिश का अलर्ट
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. यूपी में आज 7 जिलों में बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पूर्वी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मौसम में अस्थायी देखने को मिल रहा है। बंगाल की खाड़ी से उठने वाली हवाओं के कारण यूपी के अधिकांश जिलों में बूंदाबांदी होगी। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेगी।
यूपी का प्रयागराज रहा सबसे गर्म
पिछले 24 घंटे में यूपी का प्रयागराज सबसे गर्म रहा जिसका अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वही न्यूनतम तापमान कानपुर का रहा जिसका न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। तेज रफ्तार से हवा भी चल रही। पिछले कुछ दिनों में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। अब धीरे-धीरे पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त हो रहा है। इसके समाप्त होने के बाद अधिकतम-न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी। उन्होंने बताया मार्च के अंतिम दिनों में तापमान बहुत से जिलों में 40 के पार जा सकता है।
गाजीपुर, मऊ, वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, देवरिया, बलिया में बारिश होगी. बिगड़ते मौसम को देख किसानों की धड़कने बढ़ गई। ज्यादातर किसान परिवार सहित खेतों में पहुंच फसल में बारिश का पानी न भरे उसके लिए जल निकासी के इंतजाम करते रहे। साथ ही खेतों में कटी पड़ी सरसों की फसल और पकने की कगार पर खड़ी गेहूं की फसलों तेज हवाओं एवं बारिश से बचाने के लिए उपाय करते रहे। मौसम वैज्ञानिक मुकेश चन्द्र ने बताया कि इस समय खड़ी पकी फसलों को बारिश और तेज हवा से नुकसान होगा।
अगले 3 दिन का मौसम कैसा रहेगा
• 24 मार्च : ग्रीन अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। 15-20KM प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
• 25 मार्च : ग्रीन अलर्ट जारी किया गया है। 20KM प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
• 26 मार्च : मौसम शुष्क रहेगा। 20Km प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।