गाजीपुर में पत्नी की हत्या का आरोपी पुलिसकर्मी गिरफ्तार, दूसरी बीवी की हत्या का आरोप
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के सैदपुर पुलिस ने रईसपुर गांव के पुलिसकर्मी को पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी अरविंद यादव सोनभद्र की चुर्क कोतवाली में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात है।
![]() |
मृतका सुनीता की फाइल फोटो। |
पहली पत्नी की मृत्यु के बाद अरविंद ने चार साल पहले वाराणसी के महमूरगंज निवासी सुनीता यादव से दूसरी शादी की थी। सुनीता की भी यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली शादी से एक 8 वर्षीय बेटी है।
सुनीता के पिता वीरेंद्र यादव के अनुसार, शादी के बाद से ही अरविंद अपनी पहली पत्नी के दो बच्चों को लेकर सुनीता को प्रताड़ित करता था। इसी कारण सुनीता की पहली शादी से हुई बेटी को वीरेंद्र अपने पास रख कर पाल रहे थे।
![]() |
मुखबिर की सूचना पर अरविंद को गिरफ्तार कर लिया गया। |
रविवार की शाम को वीरेंद्र को फोन पर सूचना मिली। जब वह घर पहुंचे तो पुलिस सुनीता का शव ले जा रही थी। मृतका के शरीर पर हाथ, पीठ और गले पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।
पिछले कुछ महीनों से अरविंद और सुनीता सोनभद्र में रह रहे थे। होली के अवसर पर वे रईसपुर स्थित अपने घर आए थे। सुनीता के पिता ने बेटी की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सैदपुर थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि अरविंद के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही। मंगलवार की शाम मुखबिर की सूचना पर अरविंद को गोरखपुर वाराणसी हाईवे के वाराहरूप घाट स्थित सर्विस रोड से गिरफ्तार किया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।