मुंबई से गोरखपुर आए विमान ने अचानक बदला रास्ता, जानिए क्या हुआ 225 यात्रियों के साथ?
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. मुंबई से 225 यात्रियों को लेकर गोरखपुर पहुंचे विमान को शहर के चार चक्कर लगाने के बाद वाराणसी जाना पड़ा। ऐसा तेज हवा और पायलट के अनस्टेबलाइज्ड स्टेप (गलत एप्रोच) की वजह से हुआ। वाराणसी में लैंड करने के बाद रात 8:07 बजे विमान वापस गोरखपुर पहुंचा। यहां से रात 8:57 बजे 224 यात्रियों को लेकर विमान ने मुंबई के लिए उड़ान भरी।
इंडिगो के विमान सं.6ई544 को रविवार शाम अपने निर्धारित समय 5:35 बजे गोरखपुर पहुंचना था। विमान समय से गोरखपुर तो पहुंच गया, लेकिन विषम परिस्थिति को देखते हुए एटीसी ने लैंडिंग की अनुमति नहीं दी। इसके बाद विमान ने शहर के ऊपर चार चक्कर लगाए और एटीसी के निर्देशानुसार वाराणसी के लिए रवाना हो गया।
इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से यात्रियों और उनके परिवारीजन में हड़कंप मच गया। इधर, मुंबई जाने के लिए अपराह्न तीन बजे से गोरखपुर एयरपोर्ट पर विमान का इंतजार कर रहे 224 यात्री भी परेशान हो गए। अफरा तफरी के बीच विमान रद होने को लेकर यात्री सशंकित हो गए और काउंटर पर पहुंच कर जानकारी लेने लगे।
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को भरोसा दिलाया कि विमान रात आठ बजे तक वाराणसी से गोरखपुर लौट आएगा। रात 8:07 बजे जब विमान वाराणसी से गोरखपुर पहुंचा, तब जाकर एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
क्या है अनस्टेबलाइज्ड एप्रोच
लैंडिंग के दौरान जब विमान सही ऊंचाई, गति और पथ (ग्लाइड पाथ) पर नहीं होता है, तो ऐसी स्थिति में लैंडिंग खतरनाक मानी जाती है। ऐसे में विमान के रनवे से बाहर जाने, हार्ड लैंडिंग या दुर्घटना होने का खतरा बढ़ जाता है। तकनीकी भाषा में इसे अनस्टेबलाइज्ड एप्रोच कहा जाता है। ऐसी परिस्थिति आने पर प्राय: पायलट को गो-अराउंड के निर्देश दिए जाते हैं।
तेज हवा व पायलट के अनस्टेब्लाइज्ड एप्रोच की वजह से मुंबई से आने वाले इंडिगो के विमान की लैडिंग नहीं हो पाई। सुरक्षित लैडिंग के लिए एटीसी ने विमान को वाराणसी डायवर्ट कर दिया। रात में विमान फिर से गोरखपुर आया और यात्रियों को लेकर मुंबई रवाना हुआ। - आरके पाराशर, एयरपोर्ट निदेशक