गाजीपुर में शादी के 10 दिन बाद नवविवाहिता की मौत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जमानियां में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रामपुर फुफुआंव गांव में रिभा कुशवाहा (22) अपने कमरे में फंदे पर लटकी मिली। घटना के समय उनके पति राजा उर्फ रणविजय कुशवाहा और ससुर रामराज कुशवाहा पास के गांव में गए हुए थे।
जब पति और ससुर घर लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। पति ने रोशनदान से झांककर देखा तो रिभा पंखे के हुक में फंदे से लटकी हुई थीं। तुरंत ग्राम प्रधान और पुलिस को सूचना दी गई।

रिभा की शादी 11 मार्च 2025 को धूमधाम से हुई थी। वह गहमर थाना क्षेत्र के करहिया निवासी अनिल कुशवाहा की पुत्री थीं। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। मायके वालों की हालत बेहद खराब है।

कोतवाली पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
 
 '