Today Breaking News

दाल में छौंका लगाने पर पति-पत्नी में विवाद, पति 3 दिन नहीं लाया जीरा, पत्नी ने छोड़ा घर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, आगरा. आगरा के शाहगंज में छौंक लगाने के लिए पति तीन दिन तक जीरा नहीं लाया तो पति-पत्नी में झगड़ा हो गया। पत्नी ने पुलिस में शिकायत कर दी। पति-पत्नी के बीच परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग में समस्या खत्म कराई गई। पति ने वायदा किया कि राशन का सामान खत्म होने से पहले लाकर देगा।
पति ने कहा- वो समय से राशन लाकर देगा
परिवार परामर्श केंद्र पर काउंसलर सतीश सिंह खिरवार ने बताया कि केंद्र पर एक मामला आया। दंपत्ति की दो वर्ष पहले शादी हुई थी। दोनों के एक साल की बेटी है। युवक प्राइवेट नौकरी करता है। जबकि पत्नी हाउस वाइफ है। पत्नी को छौंक लगाकर दाल खाना पसंद था। लेकिन घर पर जीरा खत्म हो गया था।

इस पर पत्नी ने पति को जीरा लाने को कहा। तो दिन हो गया, दो दिन निकल गए। फिर पति तीन दिन तक जीरा नहीं लाया। गुस्से में पत्नी ने खाना छोड़ दिया। तो पति पत्नी से बिना छौंक लगाए दाल बनाने का दबाव बनाने लगा।

इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि पत्नी मायके चल गई और एक महीने से आई नहीं। पत्नी ने पुलिस को शिकायत कर दी।

काउंसलिंग में पति को उसकी गलती के लिए डांटा गया। पति ने गलती मानी और भविष्य में राशन का सामान समय पर लाकर रखने का वायदा किया। इस शर्त पर पत्नी साथ रहने को तैयार हो गई।

परिवार परामर्श केंद्र पर 35 दंपतियों के बीच हुए झगड़ों के निस्तारण के लिए काउंसलिंग कराई गई। बातचीत के दौरान 19 दंपतियों के बीच सुलह कराई गई। बाकियों को अगली तिथि पर बुलाया गया है।
 
 '