गाजीपुर में हवन-पूजन के साथ होलिका दहन; फाग गीतों की गूंज, कल खेली जायगी होली
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में फाल्गुन मास की पूर्णिमा पर होलिका दहन के साथ होली का त्योहार शुरू हो गया है। गांव से लेकर शहर तक फागुन का उल्लास हर तरफ देखने को मिल रहा है।
शुभ मुहूर्त में होलिका दहन स्थल पर हवन-पूजन किया गया। इसके बाद परंपरागत रूप से होलिका जलाई गई। मौके पर श्रद्धालुओं ने फाग गीत गाकर माहौल को और भी रंगीन बना दिया। गुरुवार को होलिका पूजन के बाद शुक्रवार को रंग-गुलाल के साथ होली का त्योहार मनाया जाएगा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, होलिका दहन विधि-विधान से करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। साथ ही जीवन के सभी कष्टों का निवारण भी होता है। होलिका दहन की कहानी भगवान विष्णु के नरसिंह अवतार और प्रह्लाद से जुड़ी है। यह कथा होलिका दहन के दिन सुनना शुभ माना जाता है।
होलिका दहन को छोटी होली भी कहा जाता है। मान्यता है कि होलिका की आग बुराई को जलाने का प्रतीक है। इसके अगले दिन बुराई पर अच्छाई की जीत के उपलक्ष्य में होली मनाई जाती है। इस पावन पर्व पर लोग अपनी सारी बुराइयां और दुश्मनी को होलिका की आग में जलाकर नए उत्साह के साथ एक नई शुरुआत करते हैं।