होली पर DJ बजाने को लेकर फायरिंग, 2 लोग घायल, एक की हालत गंभीर, 4 हिरासत में
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, बलिया. बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र के बुढ़ऊ गांव में होली के दिन डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि गोलियां चल गईं। इस घटना में दो लोग घायल हो गए। घटना शुक्रवार शाम की है। कमलेश सिंह और अनूप सिंह के पक्षों के बीच डीजे बजाने को लेकर झगड़ा हुआ।
इस दौरान हृदय नारायण सिंह ने बंदूक से फायर कर दिया। गोली कमलेश सिंह की पीठ में लगी। वहीं आनंद सिंह के पैर में छर्रे लगे।
घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। कमलेश सिंह की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। आनंद सिंह का इलाज बलिया जिला अस्पताल में चल रहा है। दूसरे पक्ष के अनूप सिंह के सर में भी चोट आई है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि वे गांव में जा रहे थे, तभी हृदयनारायण और अनूप सिंह ने उन पर गोली चला दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौके से पुलिस ने डबल बैरल बंदूक, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर, क्षेत्राधिकारी नगर श्यामकांत और प्रभारी निरीक्षक गड़वार रत्नेश सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर मौजूद हैं।