Today Breaking News

पहले पीटा फिर गला घोंटा; थाने जाकर पति बोला- घर में पत्नी की लाश पड़ी है

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, जौनपुर. जौनपुर में होली से एक दिन पहले पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। उसने अपने 8 साल के बेटे के सामने पहले पत्नी को पीटा, फिर उसका गला घोंट दिया। इसके बाद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस आरोपी को साथ लेकर गांव पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मामला थाना लाइन बाजार क्षेत्र के मियांपुर का है।
यह अलका की तस्वीर है। वह ब्यूटी पार्लर खोलना चाहती थी।
35 साल की अलका की 2016 में कुंडा में रहने वाले आलोक कुमार से शादी हुई थी। आलोक जम्मू की एक कंपनी में जॉब करता था। 3 दिन पहले होली में छुट्‌टी पर घर आया था। अलका मूल रूप से थाना बरसठी क्षेत्र के कारों बनकट की रहने वाली थी। आलोक और अलका के बीच कई दिनों से झगड़ा चल रहा था। इसी वजह से अलका अपने 8 साल के बेटे के साथ मायके में रह रही थी।

एक हफ्ते पहले ही अलका ने मियांपुर में किराए का कमरा लिया था। दो दिन पहले आलोक भी वहां आकर रहने लगा। गुरुवार सुबह दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद आलोक ने बेटे के सामने ही अलका का गला घोंट दिया। बेटा चिल्लाया, तो आलोक मौके से भाग गया।

बेटे के चिल्लाने पर आसपास के लोग आ गए। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। वहीं, आलोक घर से भागकर सीधे थाना लाइन बाजार पहुंच गया। वहां उसने पुलिस से कहा- मैंने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी है। लाश घर में पड़ी है।

पुलिस आरोपी आलोक को लेकर थाने से गांव मियांपुर पहुंची। यहां आलोक के घर के बाहर भीड़ लगी थी। पुलिस अंदर गई, तो अलका का शव पड़ा था।
पुलिस ने आरोपी आलोक को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने आलोक के 8 साल के बेटे से पूछा तो उसने बताया- पापा ने ही मम्मी को मारा है। दोनों खूब लड़ रहे थे, चिल्ला रहे थे। पापा ने पहले मम्मी को पीटा, इसके बाद उनका गला दबाने लगे। मैं छुड़ाने गया, तो मुझे धक्का दे दिया। लोग आ गए, तो वह भाग गए।

मां बोली- बेटी ब्यूटी पार्लर खोलना चाहती थी
अलका की मां पुष्पा सिंह ने बताया- आलोक दहेज मांगता था। हमने कई बार हाथ जोड़े कि हमारे घर पर कोई कमाने वाला नहीं है। हम किसी तरह से घर चला रहे हैं। हमने शादी में अपनी जमीन बेचकर दहेज दिया था। हमने कई बार आलोक को समझाया था।

मां ने कहा- मेरी बेटी ब्यूटी पार्लर खोलना चाहती थी। इसी बात पर दोनों में झगड़ा होता रहता था। आलोक ने ही मेरे बेटी को मार दिया। मेरे नाती के सामने उसका गला घोंट दिया। उसे दया नहीं आई। पुलिस ने घर वालों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
 
 '