गाजीपुर के युवक की फरीदाबाद में करंट से मौत, 2 महीने के बच्चे का पिता
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. फरीदाबाद के सरूरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में निजी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी की हाई वोल्टेज करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया है।
मृतक की पहचान उमेश के रूप में हुई है। घटना के समय उमेश कंपनी की छत पर काम कर रहा था। कंपनी के कर्मचारी गोविंद सिंह के अनुसार, अन्य कर्मचारियों ने उमेश को नीचे गिरते हुए देखा। जब वे छत पर पहुंचे, तो पाया कि लोहे की रॉड उठाते समय हाई वोल्टेज लाइन से संपर्क होने के कारण उमेश को करंट लग गया था।
साथी कर्मचारियों ने तुरंत उमेश को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे बीके अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के जीजा रोशन सिंह ने बताया कि उमेश उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला था। वह फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी में किराए के मकान में अकेला रहता था। उसके दो बच्चे हैं। जिसमें एक बेटी और दो महीने का बेटा। परिवार ने सरकार और कंपनी से आर्थिक सहायता की मांग की है।
संजय कॉलोनी चौकी इंचार्ज बिजेंदर ने बताया कि घटना की सूचना बादशाह खान सिविल अस्पताल से मिली। मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया है।