गाजीपुर में मंत्री रवींद्र जायसवाल बोले- गुंडा टैक्स खत्म, हर जिले में बनेगा विश्वविद्यालय
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं पंजीयन राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने गाजीपुर में प्रदेश सरकार के 8 साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पिछले 8 सालों में प्रदेश से गुंडा टैक्स की वसूली पूरी तरह बंद हो गई है।
जायसवाल ने कहा कि सरकार की योजना है कि हर जिले में मेडिकल कॉलेज की तरह विश्वविद्यालय स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में तुष्टिकरण की राजनीति के चलते प्रदेश का नुकसान हुआ।
मंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार ने उद्योग के नाम पर केवल स्लॉटर हाउस खोले। इसके विपरीत वर्तमान सरकार गौवंश की रक्षा के लिए गौ आश्रय बना रही है। उन्होंने एमवाई (यादव-मुस्लिम) गठबंधन पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि यादव समाज कृष्ण भक्त और गौ पालक हैं, वे कसाइयों से मित्रता नहीं कर सकते।
कार्यक्रम में इन लोगों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ईरज राजा, एमएलसी विशाल सिंह चंचल सहित कई भाजपा नेता उपस्थित थे।