महिला दिवस पर गाजीपुर जिला जज का संदेश, कहा- पुरुष अपनी सोच बदलें; महिलाएं सम्मानित
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के न्यायालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने महिला बैंक अधिकारियों, महिला अधिवक्ता और नगरपालिका ईओ सहित कई महिलाओं को पौधा देकर सम्मानित किया।
न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं पूज्य होती हैं। उन्होंने संस्कृत श्लोक 'यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता' का उल्लेख करते हुए बताया कि हमारे शास्त्रों में महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है।
जिला जज ने कहा कि धन, विद्या और शक्ति की देवियां सभी महिला रूप में हैं। उन्होंने पुरुषों से महिलाओं के प्रति भेदभाव की सोच बदलने की अपील की। उनका कहना था कि पुरुषों की सोच बदलने से महिलाएं स्वतः आगे बढ़ेंगी।
कार्यक्रम में महिलाओं से भी अपील की गई कि वे घरेलू विवादों को आपसी बातचीत से सुलझाएं। न्यायाधीश ने कहा कि यह झगड़े का नहीं, शांति का समय है। उन्होंने विकास पर ध्यान केंद्रित करने और व्यर्थ के विवादों से बचने की सलाह दी।