गाजीपुर में युवकों पर हथियार से जानलेवा हमला, 4 गंभीर घायल, FIR दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जमानियां कोतवाली क्षेत्र में बघरी नहर पुलिया पर एक गंभीर घटना सामने आई है। बोर्ड परीक्षा की कॉपी जमाकर लौट रहे युवकों पर कुछ मनबढ़ों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में अमित कुमार यादव, दीपक, विकास तिवारी और रितिक कुश्वाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाद में उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वर्तमान में चारों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घायल अमित कुमार यादव ने जमानियां कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में कई नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी है।

घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। इलाके के लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि इंटर कॉलेज कर्मचारी की शिकायत पर तीन-चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने धारदार हथियार से हमले की संभावना से इनकार किया है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
 
 '