दुल्हन 4 लाख के गहने लेकर फरार...फेरे लिए, दूल्हे राजा विदाई के लिए घंटो किये इंतजार; दुल्हन नहीं मिली
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी में शादी के मंडप से दुल्हन गहने लेकर फरार हो गई। वह दूल्हे के साथ सात फेरे ले चुकी थी। विदाई का वक्त आया तो दुल्हन और उसका भाई लापता मिले। इस बात से अनजान दूल्हा 6 घंटे तक विदाई के लिए इंतजार करता रहा। लेकिन, उसे दुल्हन नहीं मिली।
जब दुल्हन के फरार होने की जानकारी मिली तो बारातियों ने हंगामा किया। दूल्हे के पिता ने डायल-112 पर फोन करके पुलिस बुला ली। कई घंटे पंचायत के बाद दोनों पक्षों को पुलिस थाने ले गई।
दुल्हन और उसके भाई की तलाश की गई। लेकिन, दोनों का पता नहीं चला। उनके मोबाइल भी शुक्रवार दोपहर तक बंद मिले। पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। दूल्हे के पिता ने दुल्हन, उसके भाई और पिता के नाम शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अब विस्तार से जानिए पूरा मामला...
भदोही जिले के रतना गांव निवासी इंद्रजीत कहार ने अपने बेटे सिद्धार्थ कुमार की शादी वाराणसी में बड़ागांव के हसनपुर निवासी कृपाशंकर की बेटी रीता से तय की थी। जनवरी में रिंग सेरेमनी के बाद शादी के लिए 6 मार्च की तारीख तय हुई। गुरुवार की शाम सिद्धार्थ बारात लेकर वाराणसी पहुंचा। पूरे बारात का भव्य स्वागत किया गया।
द्वार-चार के बाद दूल्हा-दुल्हन जयमाल के स्टेज पर पहुंचे। दोनों ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई और फोटो सेशन हुआ। दोनों जोड़ों ने परिवार के साथ खाना खाया और फिर शादी की रस्में शुरू हुई।
सात फेरों के बाद ससुराल पक्ष ने दुल्हन को श्रृंगार और खानदानी जेवरात मंडप पर पहनाए। 4 बजे के आसपास मंडप की रस्में पूरी हुई और विदाई के लिए आठ बजे का समय तय हुआ।
बराती भी आराम करने लगे और दूल्हा सो गया। शुक्रवार सुबह आठ बजे दूल्हे के पिता इंद्रजीत ने विदाई के लिए फोन किया तो कृपाशंकर ने कुछ और वक्त मांगा। जब काफी देर होने लगी तो दूल्हे के घर वालों ने रिश्तेदारों को छोड़कर बाकी बारातियों को विदा कर दिया।
दूल्हे का भाई दुल्हन के घर गया, तो वहां दुल्हन नहीं दिखी। पूरी जानकारी ली तो पता चला कि दुल्हन फरार हो गई है और उसकी तलाश जारी है। आसपास भी खोजबीन की गई। लोगों ने बताया कि सुबह भाई के साथ दुल्हन रीता को बाइक से जाते देखा गया था।
इसके बाद दूल्हे के पिता ने हंगामा कर दिया। पंचायत शुरू हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों से मामले की जानकारी ली। गहन पड़ताल की। इसके बाद दोनों पक्षों को थाने लाया गया। बताया कि दुल्हन घर से फरार है। दूल्हा पक्ष अपने बारातियों के साथ सुबह 10 बजे से 2 बजे तक इंतजार करते रहे, लेकिन दुल्हन नहीं आई।
दूल्हे के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर शादी में चढ़ाए 4 लाख के जेवरात ले जाने का आरोप भी लगाया। बड़ागांव थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि लड़की वालों ने विदाई से इनकार कर दिया है। मामले की जांच कर रहे हैं।