महिला को न्यूड कर डंडे-बेल्ट से पीटा, होली पर DJ बजाने से मना करने पर दी सजा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, आगरा. आगरा में होली पर तेज आवाज में DJ बजाने का विरोध करने पर एक महिला को न्यूड कर जमकर पीटा गया। महिला का आरोप है कि गांव के दबंगों ने पहले कपड़े फाड़ दिए। फिर बेल्ट और डंडों से पीटा।
डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर तो आई, लेकिन कोई कार्रवाई किए बिना ही लौट गई। महिला जब थाने पहुंची तो वहां से भी उसे भगा दिया गया। मामला खंदौली थाना क्षेत्र के गांव नाई की सराय का है।
महिला ने कहा- पिटाई होने के बाद मैं चौकी मुढ़ी चौराहा गई। फिर थाना खंदौली में शिकायत करने गई। थाने और चौकी पर भी मेरी कोई सुनवाई नहीं हुई। अब मेरे साथ हुई मारपीट के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इससे मेरी बदनामी हो रही है।
महिला बोली- DJ से पशु भड़क रहे थे
पीड़ित महिला ने कहा- शुक्रवार शाम 5 बजे मैं घर से अपने प्लॉट पर आई थी। प्लॉट पर मेरे पशु बंधे रहते हैं। मैं पशुओं का दूध निकाल रही थी। पड़ोस में मेरे ही परिवार के लोग तेज आवाज में DJ बजा रहे थे। इससे पशु भड़क गए और दूध दुहने में दिक्कत होने लगी।
महिला ने कहा- जब मैंने उनसे DJ बंद करने को कहा तो वे लोग मारपीट पर उतारू हो गए। 4 लोगों ने मुझे बेल्ट और डंडों से पीटा। मेरे कपड़े भी फाड़ दिए।
ACP एत्मादपुर पीयूष कांत राय ने बताया- महिला की तहरीर पर चार नामजद ऊदल सिंह, रूबी, कुंदन और अभिषेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उदल सिंह पीड़ित महिला का जेठ और रूबी जेठानी है।